Health Tips: अगर इस मौसम में आपका भी गला हो रहा है दर्द तो हो जाएं सावधान…

ख़बरें अभी तक: बदलते मौसम में गले में संक्रमण होना बहुत ही सामान्य है। हालांकि, कोरोना के समय में इस तरह के लक्षण आपकी परेशानियों को बढ़ा सकते हैं। गले में इंफेक्शन आम तौर पर वायरस या फिर बैक्टीरिया की वजह से होता है। बदलते मौसम का सबसे ज्यादा असर हमारी हेल्थ पर पड़ता है।

सर्द मौसम दस्तक दे रहा है और हमारी खाने-पीने की आदतें अभी भी समर सीज़न वाली है। ठंडा पानी और ठंडी चीजों का सेवन गले की परेशानी बढ़ा देता है। सामान्य तौर पर गले में होने वाले संक्रमण की समस्या सर्दी और जुकाम के साथ होती है, वहीं कुछ लोगों में बैक्टीरियल संक्रमण के कारण भी ऐसी दिक्कत हो सकती है।

गले में होने वाले संक्रमण के कारण लोगों को कुछ भी निगलने में दिक्कत होती है, साथ ही लगातार गले में बना रहने वाला दर्द आपको परेशान कर सकता है। मौसम बहुत तेजी से बदल रहा है और ठंड धीरे-धीरे अब दस्तक दे रही है, ऐसे में आपको अपनी सेहत का खास ख्याल रखना चाहिए।

गले में होने वाले संक्रमण और दर्द की इस समस्या को आप घर में मौजूद चीजों के माध्यम से भी दूर कर सकते हैं। आइए हम आपको बताते हैं कि अगर गले में खराश या खांसी हो तो आप किन घरेलू नुस्‍खों को अपनाकर राहत पा सकते हैं।

1. गरारे करें

अगर आप गर्म पानी में सेंधा नमक मिलाकर इससे गरारे करते हैं, तो इससे गले की खराश कम होती है और हानिकारक बैक्टीरिया भी साफ होते हैं। इससे सूजन कम करने में मदद मिलती है और दर्द में भी आराम मिलता है। सुबह सोकर उठने के बाद, और दिन में 2-3 बार गरारे जरूर करें।

2. हर्बल चाय पिएं

ग्रीन टी, कैमोमाइल टी, तुलसी, मुलेठी, अदरक, लौंग, पुदीना, दालचीनी, आदि जैसी हर्ब्स की चाय पीने से सूजन को कम करने में बहुत मदद मिलती है। आप इसमें शहद मिलाकर सेवन करें, इससे जल्द आराम मिलेगा। दिन में 2-3 बार जरूर पिएं।

3. काढ़ा पिएं

आप चाहें तो तुलसी, मुलेठी, अदरक, लौंग, पुदीना आदि को पानी में साथ में पानी में उबालकर, इनका काढ़ा बनाकर भी सेवन कर सकते हैं। यह गले की खराश और सूजन कम करने में बहुत प्रभावी है। दिन में 2-3 बार शहद मिलाकर पीने से बहुत लाभ मिलेगा।

4. गर्म सिकाई करें

कई बार गले में दर्द और सूजन टॉन्सिल्स के कारण भी होती है, ऐसी स्थिति में बाहर से गर्दन के हिस्से की सिकाई करने में बहुत लाभ मिलता है। आप इसके लिए होट बैग, गर्म तवे और सूती कपड़े की मदद से भी सिकाई कर सकते हैं। इससे जल्द आराम मिलेगा।

5. भाप लें

भाप लेने से भी गले की सिकाई करने में मदद मिलती है। इससे अंदर से गले की अच्छी तरह सिकाई होती है। आप चाहें तो गर्म पानी में पुदीने के तेल, नीम के पत्ते डालकर भी भाप ले सकते हैं। इससे सूजन कम करने में बहुत मिलेगी।