JJP-BSP गठबंधन पर बोले कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष अशोक तंवर, जानिए क्या कहा

कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष अशोक तंवर ने जेजेपी और बसपा गठबंधन को मौकापरस्त बताया है और कहा है कि इस प्रकार की पार्टियों के साल में चार बार गठबंधन होते है, फिर बाद में टूट जाते है। हरियाणा में कांग्रेस ही भाजपा का विकल्प है। तंवर रविवार को बेरी में प्रदेश कांग्रेस महासचिव कुलताज द्वारा आयोजित कार्यक्रम को सम्बोधित करने आए थे.

उन्होंने कहा कि भाजपा हरियाणा के विधानसभा चुनावों मेें 75 पार का नारा दे रही है,लेकिन सच्चाई यह भी है कि हरियाणा की जनता भाजपा को 75 पार नहीं बल्कि गांव व गलियों से भी बाहर का रास्ता दिखाने वाली है। उन्होंने 18 अगस्त को रोहतक मेें होने वाली पूर्व सीएम भूपेन्द्र हुड्डा की रैली को लेकर भी बयान दिया। उन्होंने कहा कि हरियाणा कांग्रेस में कोई गुटबाजी नहीं है.

हर कार्यकर्ता व कांग्रेस का हर नेता अपने स्तर पर पार्टी को मजबूत करने में लगा हुआ है। जिसने पांच साल में कोई कार्यक्रम नहीं किया वह भी अब लोगों के बीच जाकर पार्टी की नीतियों का प्रचार-प्रसार कर रहा है। कार्यक्रम मेें लोगों व खासकर भारी संख्या में आई महिलाओं को सम्बोधित करते हुए भाजपा पर जमकर निशाना साधा.
उन्होंने कहा कि हरियाणा की खट्टर सरकार एक तरह से घोटालों की सरकार बनकर रह गई है। खनन माफिया का तो यह हाल है कि भाजपा के पूरे पांच साल के राज में केवल खनना माफिया ही सक्रिय रहे है। इसके साथ ही अशोक तंवर ने कहा कि वैसे तो कांग्रेस के दस साल के शासनकाल में बेरी क्षेत्र के अन्दर काफी विकास के काम किए गए है। लेकिन जो कोई विकास की कमी रह गई है वह कांग्रेस का राज बनते ही पूरी कर दी जाएगी.