सुषमा स्वराज के निधन पर हिमाचल में भाजपा ने रद्द किए सभी कार्यक्रम

ख़बरें अभी तक । हिमाचल के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने पूर्व विदेश मंत्री सुषमा स्वराज के निधन पर दुख जताया है. उन्होंने ट्वीट कर अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं. जयराम ठाकुर ने सुषमा स्वराज के निधन को देश व भाजपा के लिए अपूरणीय क्षति बताया. इसके साथ ही भाजपा ने प्रदेश में आज सभी कार्यक्रमों को रद्द कर दिया है. सीएम जयराम ठाकुर दिल्ली रवाना हो गए है. मुख्यमंत्री के अलावा पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल, राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा, पूर्व मुख्यमंत्री शांता कुमार, केंद्रीय राज्य मंत्री अनुराग ठाकुर, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती, प्रदेश महामंत्री संगठन पवन राणा, सांसद किशन कपूर, सुरेश कश्यप, रामस्वरूप शर्मा, प्रदेश उपाध्यक्ष एवं मुख्य सचेतक नरेंद्र बरागटा सहित अन्य नेताओं ने सुषमा स्वराज के निधन पर शोक प्रकट किया है.