हिमाचल: बड़ाग्रां में फटा बादल, रात को घरों से बाहर निकले लोग

ख़बरें अभी तक। जिला कुल्लू में पिछले कुछ दिनों से हो रही बारिश से घाटी में उफनते नदी नालों ने लोगों को डराना शुरू कर दिया है। वहीं सुबह 4:00 बजे के करीब उझी घाटी के बड़ाग्रां में बादल फट गया। उझी घाटी में बादल फटने से लोगों को भी भारी नुकसान हुआ है। वहीं प्रशासन की ओर से नुकसान का जायजा लेने के लिए राजस्व विभाग की टीम मौके की ओर भेज दी गई है। मिली जानकारी के अनुसार उझी घाटी हलाण-2 पंचायत के बड़ाग्रां में बादल फटने से नाले में बाढ़ आ गई। सबसे ज्यादा नुकसान पतलीकूहल बाजार को हुआ है।

बादल फटते ही लोगों में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने हूटर बजाकर लोगों को जगाया। रात चार बजे पतलीकूहल बाजार को खाली करवाया गया। मनाली घाटी में रातभर से हो रही भारी बारिश के चलते ब्यास नदी उफान पर है। जलस्तर बढ़ने से ब्यास नदी पर बना सोलंग गांव का पैदल पुल बह गया। इसके चलते जिले का सोलंग गांव से संपर्क टूट गया है। आजादी के 70 वर्षों बाद भी इस गांव में स्थाई पुल नहीं बन पाया है। वहीं, उपमंडल मनाली के तहत मढ़ी के नजदीक भूस्खलन से मार्ग सड़क यातायात के लिए बंद हो गई है। मार्ग को खोलने के लिए बीआरओ व पुलिस थाना मनाली को सूचना दे दी गई है। बीआरओ द्वारा मार्ग खोलने का काम चल रहा है।