‘हरियाणा विधानसभा चुनावों में मनोहरलाल की चलेगी जबरदस्त लहर’

ख़बरें अभी तक। हरियाणा विधानसभा चुनावों में मुख्यमंत्री मनोहरलाल की जबरदस्त लहर चलेगी तथा भाजपा का मिशन 75 पार एक नया इतिहास रचेगा। उक्त कथन पूर्व मंत्री एवं भाजपा नेता जगदीश यादव ने व्यक्त किये। वे भाजपा में शामिल होने के बाद बेरली कलां बस स्टैंड पर स्थित कार्यालय में कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रहे थे।

उन्होंने कहा कि प्रदेश भाजपा सरकार ने 5 वर्षों के दौरान समान विकास कार्य करवाएं तथा बिना खर्ची एवं बिना पर्ची युवाओं को नौकरियां दी है। पूर्व मंत्री ने कहा कि पिछली सरकारों ने एस.वाई.एल. के नाम पर वोट लेकर सत्ता प्राप्त की, लेकिन मुख्यमंत्री मनोहरलाल की भाजपा सरकार अहीरवाल की जनता के लिए एस.वाई.एल का पानी अवश्य लाएगी तथा सुप्रीम कोर्ट का फैसला भी प्रदेश के हक में आया है।

केन्द्रीय राज्यमंत्री पर साधा निशाना: पूर्व मंत्री जगदीश यादव ने बिना नाम लिए केन्द्रीय राज्यमंत्री पर निशाना साधा तथा कहा कि लोकसभा चुनावों में सभी उम्मीदवारों ने मोदी के नाम पर वोट मांगे तथा प्रधानमंत्री के नाम पर ही चुनाव जीता है। ऐसे में जनता को सब पता है कि किसके नाम का वर्चस्व था। उन्होंने कहा कि प्रदेश में मुख्यमंत्री मनोहरलाल के नेतृत्व में ही 10 की 10 सीटें भाजपा की झोली में आई है।

विपक्ष का सूपड़ा साफ: पूर्व मंत्री ने कहा कि प्रदेश में विपक्षी दलों के दो फाड होकर उनका सूपडा साफ हो गया तथा विरोधी दल वर्चस्व की लड़ाई लड़ रहे हैं, लेकिन प्रजातंत्र में विपक्ष का होना भी जरूरी है।

मनोहरलाल लोकप्रिय मुख्यमंत्री: भाजपा नेता जगदीश यादव ने कहा कि प्रदेश के इतिहास में मनोहरलाल सबसे लोकप्रिय एवं ईमानदार मुख्यमंत्री साबित हुए है तथा उन्होंने भाई-भतीजावाद को खत्म कर दिया। उनकी स्वव्छ छवि के कारण भाजपा ने 10 की 10 लोकसभा सीटे जीती है तथा विधानसभा में भी 75 से ज्यादा सीटें जीतेगी।

कार्यकर्ताओं में खुशी की लहर: पूर्व मंत्री जगदीश यादव के भाजपा में शामिल होने पर कोसली हल्के के कार्यकार्ताओ में खुशी की लहर दौड गई। रविवार को कार्यकर्ताओं ने पूर्व मंत्री का फूलमालाएं पहनाकर जोरदार स्वागत किया तथा मुख्यमंत्री एवं पूर्व मंत्री के पक्ष में नारेबाजी की।