हरियाणा की नई गृह सचिव बनीं नवराज संधू, 1984 बैच की अधिकारी है संधू

हरियाणा की नई गृह सचिव नवराज संधू को बनाया गया हैं। नवराज संधू ने साल 1984 में भारतीय प्रशासनिक सेवा को ज्वॉइन की थी और वे उस बैच में तीसरे रैंक पर थी तथा महिलाओं के बीच टॉपर रहीं। उन्होंने पंजाब विश्वविद्यालय से राजनीतिक विज्ञान (स्वर्ण पदक) में स्नातकोत्तर की उपाधि हासिल की। उन्होंने सामाजिक विज्ञान में भी स्वर्ण पदक हासिल किया है। सेवा के दौरान उन्होंने आस्ट्रेलिया के क्वींसलेंड विश्वविद्यालय से एमबीए की उपाधि हासिल की है।

श्रीमती संधु ने अपने कैरियर की शुरूआत नारायणगढ और अम्बाला में बतौर एसडीएम की। इसके पश्चात वे रेवाड़ी और अम्बाला की उपायुक्त भी बनी। उन्होंने सरकारी सेवा के दौरान विभिन्न पदों पर कार्य किया है। उन्होंने सेकैण्डरी शिक्षा में निदेशक, श्रमायुक्त, हरियाणा पर्यटन निगम की प्रबन्ध निदेशक, हरियाणा डेरी विकास निगम की प्रबन्ध निदेशक और कृषि विपणन बोर्ड में मुख्य प्रशासक के पद पर कार्य किया है। उन्हें बीपीएस महिला विश्वविद्यालय सोनीपत में बतौर कुलपति कार्य करने का भी अवसर मिला। उन्होंने विभिन्न विभागों में प्रधान सचिव, अतिरिक्त मुख्य सचिव जैसेकि सामाजिक  न्याय एवं अधिकारिता विभाग, खाद्य एवं आपूर्ति, स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा, आयूष और सहकारिता में काम किया।