कार्ड दिखाकर नि:शुल्क यात्रा करने वाले यात्रियों को अब खरीदना होगा टिकट

ख़बरें अभी तक। उत्तराखंड परिवहन निगम स्वतंत्रता संग्राम सेनानी, राज्य आंदोलनकारी, मान्यता प्राप्त पत्रकार, बुजुर्ग यात्रियों के लिए ऑनलाइन सेवा शुरू करने जा रहा है। जिससे कि इन सभी निशुल्क यात्रा करने वाले यात्रियों को यात्रा का पैसा उनके अकाउंट में रिफंड किया जाएगा। परिवहन विभाग को घाटे से उबारने के लिए इस कदम को उठाया जा रहा है। अब तक उत्तराखंड परिवहन निगम की बसों में अपना कार्ड दिखाकर निशुल्क यात्रा करने वाले यात्रियों को अब टिकट खरीदना होगा। जिसके बाद सरकार उनके टिकट के पैसे उनके खाते में ऑनलाइन रिफंड करेगी।

दरअसल लंबे समय से परिवहन निगम घाटे से जूझ रहा है और निशुल्क यात्रा कराने के बाद परिवहन निगम की स्थिति और खराब हो गई है। सरकार भी परिवहन निगम को इन निशुल्क यात्रियों के किराए का भुगतान काफी देरी से करती है। जिससे निगम अपनी अर्थव्यवस्था नहीं सुधार पा रहा है। लिहाजा अब निगम सभी यात्रियों से किराया वसूलेगा और राज्य सरकार छूट प्राप्त यात्रियों को उनके खाते में ही टिकट का पैसा ऑनलाइन रिफंड करेगी। परिवहन मंत्री यशपाल आर्य ने बताया की जल्द ही इस योजना को धरातल पर शुरू किया जाएगा। जिससे परिवहन निगम को भी घाटे से उभरने में मदद मिलेगी।