केंद्र सरकार ने जल संरक्षण को लेकर चलाया जल शक्ति अभियान

ख़बरें अभी तक। भिवानी: केंद्र सरकार ने जल संरक्षण को लेकर एक जुलाई से 15 सितंबर तक जल शक्ति अभियान चलाया है। यह अभियान देश के 256 जिलों में जल शक्ति मंत्रालय द्वारा चलाया जा रहा है। इस अभियान का उद्देश्य भूमिगत जल स्तर में सुधार लाना व जल का संरक्षण करना हैं। यह बात आज भिवानी जिला प्रशासन द्वारा संचालित हलवासिया विद्या विहार स्कूल में जल संरक्षण पर आयोजित कार्यक्रम के दौरान हिस्सा लेते हुए भिवानी के उपायुक्त सुजान सिंह ने कही।

इस मौके पर उपायुक्त सुजान सिंह ने स्कूली बच्चों द्वारा जल संरक्षण को लेकर लगाए गए विभिन्न मॉडल का निरीक्षण किया तथा स्कूल प्रांगण में पौधारोपण कर पर्यावरण व जल संरक्षण का संदेश दिया। इस मौके पर उपायुक्त ने बताया कि केंद्र सरकार ने जल संरक्षणके लिए पहली बार जल शक्ति मंत्रालय का गठन किया है। इस मंत्रालय द्वारा देश के 256 जिलों व हरियाणा के 19 जिलों में यह अभियान चलाया जा रहा है। प्रदेश के रोहतक, झज्जर व पंचकुला तीन जिलों को छोडक़र यह अभियान प्रदेश के हर जिले में चलाया जा रहा है।

इस अभियान के तहत यह संदेश दिया जा रहा है कि जल संचय के प्राकृतिक संसाधनों जोहड़, बावड़ी, कुएं इत्यादि में पानी संचय की क्षमता बढ़ाई जाए। वर्षा के जल को संचित करने के लिए छत के पानी का संचय भूमिगत जल का लेवल बढ़ाने के लिए किया जाए। उन्होंने बताया कि जल शक्ति अभियान का उद्देश्य हर उस संसाधन से है, जिससे कि भूमिगत जल स्तर को ऊंचा उठाया जा सकें।

उन्होंने बताया कि केंद्रीय जल शक्ति मंत्रालय की टीम भी 11 से 15 जुलाई तक भिवानी जिला का दौरा कर चुकी है। भारत देश को अंतर्राष्ट्रीय मापदंडों के अनुसार भूमिगत जल स्तर की गिरावट वाले देशों में दर्ज किया गया है। जहां पर भविष्य में यदि जल संचित नहीं किया गया तो जल संकट गहराने का डर है। इसीलिए हर भारतीय नागरिक को चाहिए कि जल संकट के प्रति गंभीरता से कार्य करें।