क्रिकेट विश्व कप में भारत की जीत के लिए अयोध्या में साधू संतों ने किया यज्ञ

ख़बरें अभी तक। विश्व कप में होने वाले आज भारत और न्यूजीलैंड के मुकाबले को लेकर क्रिकेट प्रेमी साधु संतों में भी उत्साह है। विश्व कप में भारत की जीत के लिए तपसी छावनी में मंत्रोच्चारण के बीच विराट विजय यज्ञ किया गया। पहले सेमीफाइनल में भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेले जा रहे मैच को लेकर भारतीय खिलाड़ियों में जोश, दैवीय शक्ति और नए जज्बात भरने के लिए अयोध्या के साधु-संतों ने यज्ञ किया। संतों का मानना है कि यज्ञ करने से भारत निश्चित ही वर्ल्ड कप जीतकर आएगा। इस तरह के यज्ञ से भारतीय खिलाड़ी हर खेल में पहला स्थान लाएंगे। संतों का मानना है कि इस यज्ञ से भारतीय खिलाड़ियों में नए जोश का संचार होगा और दैवीय शक्ति प्राप्त होगी जिससे जीत निश्चित होगी।

 

एक तरफ मैनचेस्टर क्रिकेट ग्राउंड में भारत और न्यूजीलैंड के बीच सेमीफाइनल की जंग हो रही है। दूसरी तरफ अयोध्या में साधु संत बारिश के बाद भी मंदिरों में भारत के विश्व विजय के लिए विराट विजय यज्ञ कर रहे हैं। यानि भारत के कप्तान विराट कोहली के लिए विजय यज्ञ। जिससे उन्हें और उनके खिलाड़ियों को आध्यात्मिक शक्ति भी प्राप्त हो और वह न केवल न्यूजीलैंड पर विजय हासिल करें बल्कि विश्व विजेता बन कर पूरी दुनिया को अपनी मुट्ठी में कर ले। आपको बता दें कि अयोध्या में बीती रात से ही बारिश रुकने का नाम नहीं ले रही है। बावजूद इसके संत महंत मंदिर के भीतर ही क्रिकेट के खिलाड़ियों के लिए यज्ञ कर रहे हैं। शायद इसलिए कि हर कोई भारत को वर्ल्ड कप जीते हुए देखना चाहता है और उसके लिए अपने अपने तरीके से पूजा-पाठ, उत्साहवर्धन और प्रयास कर रहा है।