आरएफआईडी डिवाइस बताएगी कि घर से कूड़ा उठा या नहीं

ख़बरें अभी तक : अब आरएफआईडी डिवाइस बताएगी कि घर से कूड़ा उठा या नहीं। बता दें कि डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन के लिए लोगों के घरों में यह डिवाइस लगाई जाएगी। इसके तहत नगर निगम क्षेत्र के 1.67 लाख परिवारों को योजना से जोड़ने का दावा किया गया है। इसके बाद भी अगर कंपनी के वाहन कूड़ा नहीं उठाते हैं तो उससे जुर्माना वसूला जाएगा। फिलहाल अभी चेन्नई एमएसडब्ल्यू कंपनी डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन का काम देख रही है, लेकिन अभी भी कई वार्डों में कंपनी के वाहन रोजाना नहीं पहुंच रहे हैं। जिससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है।

जिसे देखते हुए नगर निगम प्रशासन ने लोगों के घरों के बाहर आरएफआईडी डिवाइस लगाने का फैसला किया है। इसके तहत जैसे ही कंपनी के वाहन घरों से कूड़ा उठाएंगे, उसका मैसेज निगम में बने सर्वर रूम में पहुंच जाएगा। इसके अलावा वरिष्ठ नगर स्वास्थ्य अधिकारी के मोबाइल पर भी मैसेज आ जाएगा। अगर वाहन कूड़ा नहीं उठाता है तो उसका मैसेज भी आएगा, जिस पर कंपनी को उन घरों से कूड़ा उठाने के लिए कहा जाएगा। इसके बाद भी अगर कंपनी कूड़ा नहीं उठाती है तो उससे जुर्माना वसूला जाएगा।

डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन में लगे वाहन के हेल्पर को भी जीपीएस से लैस एक बैच दिया जाएगा। जब हेल्पर कूड़ा उठाने जाएगा तो वह डिवाइस से कनेक्ट हो जाएगा। जिससे मैसेज नगर निगम में पहुंच जाएगा। अगर हेल्पर घर तक नहीं जाएगा तो उसकी रिपोर्ट सर्वर रूम में नहीं पहुंच पाएगी। वरिष्ठ नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आरके सिंह ने बताया कि अगर डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन में लगा वाहन कूड़ा नहीं उठाता है तो कंपनी से दो रुपये प्रति घर प्रतिदिन के हिसाब से जुर्माना वसूला जाएगा। देहरादून स्मार्ट सिटी लि. के मुख्य कार्यकारी अधिकारी की ओर से भी इसके लिए सहमति मिल गई है। उम्मीद है कि जुलाई से इस पर कार्य शुरू कर दिया जाएगा।