इंदौरा: भाजपा ने अपनी सदस्यता बढ़ाने के लिए शुरू किया अभियान

ख़बरें अभी तक: हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनावों को हुए अभी डेढ़ साल ही हुआ है, लेकिन इंदौरा भाजपा ने आगामी विधानसभा चुनावों के लिए कदमताल करना शुरु कर दी है। इसके लिए भाजपा ने अपनी सदस्यता बढ़ाने के लिए अभियान शुरु करने की कार्ययोजना हेतु भाजपा मण्डल इंदौरा ने ममताज़ पैलेस सूरजपुर में पदाधिकारियों से एक विशेष बैठक की। मण्डलाध्यक्ष घनश्याम सम्बयाल ने बैठक की अध्यक्षता की। बैठक में भाजपा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य एवं भाजपा सदस्यता अभियान के जिला प्रभारी रमेश राणा, सह प्रभारी एवं जिला उपाध्यक्ष सतीश शर्मा बतौर मुख्यातिथि सम्मिलित हुए व मण्डल इंदौरा के लिए मंडल उपाध्यक्ष बलवान सिंह को सदस्यता अभियान का मंडल प्रभारी तथा जोगिंद्र मिंटू को सह प्रभारी का दायित्व सौंपते हुए इंदौरा मंडल को भाजपा से 15 हजार नये सदस्य जोड़ने का लक्ष्य दिया।

रमेश राणा ने बताया कि भाजपा हर तीन साल में सदस्यता अभियान चलाती है और नये मतदाताओं सहित वे लोग जो किसी कारणवश पार्टी की सदस्यता नहीं ले पाए थे, उन्हें पार्टी का सदस्य बनाया जाता है। इससे पहले विधायक रीता धीमान ने आए हुए अतिथियों व पदाधिकारियों के लिए स्वागत संबोधन किया। इस दौरान उक्त अभियान को सफल बनाने के लिए पदाधिकारियों को दायित्वबोध करवाया गया व विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा की गई। कार्यक्रम में मण्डल उपाध्यक्ष सुरेंद्र व महिला मोर्चा अध्यक्ष सृष्टा देवी सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।