कुटलैहड़ विधानसभा में पूर्व सीएम धूमल का चुनाव प्रचार, कांग्रेस पर साधा निशाना

ख़बरें अभी तक। पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल ने ऊना में अपने बेटे बीजेपी प्रत्याशी अनुराग ठाकुर के लिए प्रचार कर वोट मांगे। इस दौरान धूमल ने कांग्रेस पर बोफोर्स तोप सौदे और अगस्ता विमान सौदे का नाम लेते हुए कांग्रेस को कमीशन खाने वाली पार्टी बताया। पूर्व मुख्यमंत्री ने वीरभद्र सिंह को  तथ्यहीन बताते हुए कांग्रेस को जुमलों वाली पार्टी करार दिया है। धूमल ने कहा कि कांग्रेस 1971 से गरीबी हटाने के वायदे कर रही है लेकिन गरीबी हटी नहीं बल्कि बढ़ गई। उन्होंने कांग्रेस पर नीतिहीन होने का आरोप लगाते हुए नरेंद्र मोदी के दोबारा प्रधानमंत्री बनने का दावा किया।

लोकतंत्र का पर्व अब अपने अंतिम पड़ाव की तरफ बढ़ रहा है लेकिन इसके साथ ही आरोप प्रत्यारोप की राजनीति और तेज़ हो चली है। उम्मीदवारों के परिवार भी इस चुनावी युद्ध में अपनों के समर्थन में कूद पड़े हैं, ऐसे में जब परिवार से भी कोई बड़ा सियासी धुरंधर हो तो, लाजिमी है कि उनका प्रचार भी धुरंधर होगा। हम बात कर रहे हैं हिमाचल प्रदेश की हमीरपुर लोकसभा सीट से बीजेपी उम्मीदवार अनुराग ठाकुर और उनके परिवार की । सब जानते हैं कि उनके पिता प्रेम कुमार धूमल प्रदेश के पूर्व में दो बार मुख्यमंत्री रह चुके हैं। सो पिताश्री जी भी पुत्र और पार्टी के लिए ज़ोर शोर से प्रचार अभियान कर लोगों से वोट मांग रहे हैं।

इसी कड़ी में उन्होंने ऊना की कुटलैहड़ विधानसभा में लोगों से बेटे और पार्टी के लिए समर्थन मांगा। इस दौरान मीडिया से बात करते हुए धूमल ने कांग्रेस पर जमकर हमला बोला। धूमल ने पूर्व सीएम वीरभद्र सिंह के ब्यान पर पलटवार करते हुए कहा कि वीरभद्र सिंह की बातों के कोई तथ्य नहीं होते। उन्होंने कहा कि जुमलों की पार्टी तो कांग्रेस है जो 1971 से गरीबी हटाने की बातें कर रही है। लेकिन गरीबी कम होने की बजाय बढ़ गई। धूमल ने कहा कि अगर कांग्रेस विकास करवाती तो परिवर्तन कभी नही होता। धूमल ने कांग्रेस पार्टी को नीतिहीन कहते हुए नरेंद्र मोदी के दोबारा प्रधानमंत्री बनने का दावा किया।

वहीं कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष कुलदीप राठौर द्वारा भाजपा को व्यापारिक पार्टी कहने के ब्यान पर पलटवार करते हुए धूमल ने बोफोर्स तोप सौदे, अगस्ता विमान सौदे और पनडुब्बी का जिक्र करते हुए कांग्रेस को सबसे बड़ी व्यापारिक पार्टी बताया। धूमल ने कहा कि भाजपा विकास करवाने और देश हित का ध्यान रखने वाली पार्टी है जबकि कांग्रेस कमीशन खाने वाली पार्टी है।