हिमाचल प्रदेश: जैनब चंदेल के हाथों में आई प्रदेश महिला कांग्रेस की कमान

ख़बरें अभी तक: पिछले कुछ समय से लगातार विवादो में चल रही हिमाचल कांग्रेस पार्टी के शीर्ष नेतृत्व में फिर एक बार बड़ा बदलाव किया गया है। पार्टी में दूसरा बड़ा फेरबदल करते हुए प्रदेश महिला कांग्रेस की अध्यक्षा सुशीला नेगी की जगह जैनब चंदेल को नया प्रदेशाध्यक्ष बनाया गया है। पूर्व में 4 साल तक हिमाचल प्रदेश महिला आयोग की अध्यक्ष रही जैनब चंदेल को पार्टी हाईकमान ने अब नई जिम्मेदारी सौंपी है।

प्रदेश में महिला कांग्रेस के अध्यक्ष पद की दौड़ में करीब आधा दर्जन महिलाएं शामिल थी लेकिन फैसला जैनब चंदेल के पक्ष में हुआ। यह फैसला अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की अध्यक्षता में लिया गया। गौरतलब है कि प्रदेश कांग्रेस पार्टी में सुखविंदर सिंह सुक्खू की जगह कुलदीप सिंह राठौर को पार्टी का प्रदेशाध्यक्ष बनाए जाने के बाद लगातार विवाद चल रहा है। जैनब चंदेल पार्टी के वीरभद्र खेमें में शामिल है और उनका महिला कांग्रेस की अध्यक्ष बनना पार्टी में पूर्व सीएम वीरभद्र सिंह के दबदबे को दर्शाता है।