हरियाणा: आम आदमी पार्टी के नेताओं की गिरफ्तारी पर भड़के पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष नवीन जयहिंद

ख़बरें अभी तक।  पुलिस द्वारा आम आदमी पार्टी के नेताओं की गिरफ्तारी पर भड़के पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष नवीन जयहिंद ने प्रदेश सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि ये सरकार सोशल मीडिया से डर गई है। सोशल मीडिया का गला घोटने का काम कर रही है।

वहीं उन्होंने कहा कि प्रदेश के सीएम मनोहर लाल पुलिस के कंधों पर बंदूक रखकर चला रहा है। जयहिंद ने कहा कि आप पार्टी के करीब 100 कार्यकर्ताओं को आधी रात को घरों से उठा लिया गया व कुछ पर दंगे भड़काने जैसे संगीन मामले दर्ज कर लिये गये। उन्होंने कहा कि हिसार के सोशल मीडिया इंचार्ज हरपाल क्रांति ने कोई गलत पोस्ट शेयर नहीं थी बल्कि स्वयं प्रदेश के सीएम ही अखबारों में जातिवाद फैलाने वाले विज्ञापन देकर लोगों को भड़काते हैं।

नवीन जयहिंद ने कहा कि आप पार्टी भाजपा सरकार के असली जातिवादी चेहरे को बेनकाब करने की मुहिम जारी रखेगी और पुलिसिया कार्रवाई से आप कार्यकर्ता डरने वाले नहीं है। जयहिंद ने कहा कि सोशल मीडिया पर सबसे अधिक फर्जी खबरें फोटोशॉप करके प्रसारित करने का  काम भाजपा करती है। उन्होंने कहा की अब जब भाजपा बेनकाब होने लगी है तो वह सोशल मीडिया गला घोटने का काम कर रही है। उन्होंने कहा कि हरपाल क्रांति की जल्द ही पार्टी में प्रमोशन होगी व यह साफ हो गया है कि आप पार्टी से भाजपा डर गयी है।