हिमाचल: जनवरी में व्यास नदी पर होगी महाआरती

ख़बरें अभी तक।  आम लोगों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करने के लिए पहली जनवरी को मौहल के नेचर पार्क में ब्यास महाआरती का आयोजन किया जा रहा है। जिला प्रशासन द्वारा देवी-देवता पुजारी संघ, कारदार संघ, बजंतरी संघ, जिला के अन्य संगठनों और विभिन्न विभागों की मदद से आयोजित की जाने वाली इस महाआरती में हजारों लोगों के भाग लेने की उम्मीद है।

आपको बता दें कि मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर को भी विशेष रूप से आमंत्रित किया जा रहा है। महाआरती की तैयारियों को लेकर जिलाधीश यूनुस ने वीरवार को विभिन्न विभागों के अधिकारियों, देवी-देवता पुजारी संघ, कारदार संघ, बजंतरी संघ और जिला के अन्य संगठनों के पदाधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने कहा कि मौहल के नेचर पार्क में ब्यास नदी के किनारे महाआरती आयोजन स्थल पर सभी आवश्यक तैयारियां पूरी की जा रही हैं। उन्होंने बताया कि यह महाआरती एक जनवरी को संध्याकाल में करीब पांच बजे आरंभ की जाएगी। महाआरती की सभी व्यवस्थाएं व अंतिम तैयारियां दोपहर बाद तीन बजे शुरू कर दी जाएंगी। इसमें 121 पंडित, 200 से अधिक बजंतरी, कुल्लू घाटी के देवी-देवताओं के कारदार और हजारों लोग भाग लेंगे।

महाआरती में प्लास्टिक या पालीथिन की किसी भी वस्तु या सामग्री का प्रयोग नहीं किया जाएगा। आटे या मिट्टी के दीये और पत्तों के डोने से ही आरती की जाएगी। दीये व डोने मौके पर ही उपलब्ध करवाए जाएंगे। इच्छुक श्रद्धालु अपने स्तर भी आटे या मिटटी के दीये और डोने ला सकते हैं। जिलाधीश ने पुलिस, होमगार्ड और परिवहन विभाग के अधिकारियों को आयोजन स्थल पर कानून व्यवस्था, यातायात, पार्किंग और आपदा प्रबंधन से संबंधित सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।