दुष्यन्त चौटाला नहीं देंगे इनलो पार्टी से इस्तीफा,कहा जनता को क्या जवाब देंगे

ख़बरें अभी तक। इनलो से निष्काषित किये जाने के बाद नई पार्टी के एलान के साथ 9 तारीख को जींद में अजय सिंह चौटाला और उनके दोनों बेटों के लिए शक्ति प्रदर्शन का दिन है। आज जींद में अजय सिंह के छोटे बेटे दिग्विजय सिंह चौटाला ने रैली के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि युवाओं के इतिहास में ये रैली सबसे बड़ी होगी और लाखों लोग इसमें शिरकत करेंगे।

दिग्विजय सिंह चौटाला ने कहा कि इस रैली में बाहर से कोई भी बड़ा राजनीतिक चेहरा शामिल नहीं होगा जबकि दुष्यन्त चौटाला ही मुख्य वक्ता और मुख्यातिथि होंगे। ये रैली अब उनकी ही अगुवाई में होगी और आने वाले  चुनाव में उनकी नई पार्टी लोक सभा और विधानसभा की सभी सीटों पर चुनाव भी लड़ेगी।

उन्होंने कहा कि उनकी नई पार्टी का मुख्य एजेंडा प्रदेश में सुरक्षा, स्वास्थ्य, शिक्षा रहेगा। उन्होंने बताया कि ये रैली एतिहासिक होगी और इसके लिए कुल 1500 लोग जिम्मेदारी संभाल रहे है। उन्होंने कहा कि 500 एकड़ का मैदान रैली के लिए बनाया गया है जिसमे 100 एकड़ स्टेज के सामने आरक्षित रहेगा साथ ही पूरे मैदान में दरी बिछाई जाएगी।

उन्होंने कहा कि दुष्यन्त चौटाला इनलो से इस्तीफा नहीं देंगे क्योंकि लोगों को जवाब देना पड़ेगा कि क्योंकि जनता के प्रति उनकी जिम्मेदारी है। साथ ही उन्होंने कहा कि इस रैली में अजय सिंह चौटाला भी शामिल हो सकते है और इसके लिए वो डीजीपी से मुलाकात भी कर चुके है।