पद का दुरुपयोग कर प्रदेश का माहौल खराब करने की फिराक में केजरीवाल: अभिमन्यु

खबरें अभी तक। प्रदेश के वित्त मंत्री कैप्टन अभिमन्यु ने कहा कि प्रदेश में अरविन्द केजरीवाल का स्वागत है बशर्ते वो शुद्ध राजनीति करने के उद्देश्य से आते हैं। उन्होंने कहा कि केजरीवाल अपने पद का प्रयोग कर प्रदेश को भ्रमित करने व मुख्यमंत्री मनोहरलाल की छवि को खराब करने की कोशिश कर रहे हैं जिससे भाजपा कतई बर्दाश्त नहीं करेगी। उन्होने कहा कि केजरीवाल को हरियाणा आने से पहले पंजाब में हरियाणा के पानी पर दिए गए बयानों पर अपना रूख साबित करना होगा।

कैप्टन अभिमन्यु आज अचानक नगर के करनाल मार्ग पर स्थित होटल यश में जलपान के लिए रूके। उन्होने वहां पंहुचे पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि प्रदेश में सरकार हर महीने पच्चीस लाख लोगों को दो हजार रूपए सम्मान पेंशन भत्ता देती है। उन्होने कहा कि बहुत सारे ऐसे विषय हैं जिनपर यदि केजरीवाल चाहे तो तुलना हो सकती है। उन्होने कहा कि आज प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अगुआई में देश विकास की नई इबारत लिख रहा है। उन्होने कहा कि भारत को दोबारा विश्व गुरू और सोने की चिडिय़ा बनने से कोई नहीं रोक सकता।

उन्होंने दावा किया कि अब देश ने साफ मन बना लिया है कि वो दोबारा से नरेन्द्र मोदी को देश के प्रधानमंत्री के रूप में देखना चाहता है। इनेलो में चल रहे घमासान पर तंज कसते हुए कैप्टन अभिमन्यु ने कहा कि इनेलो का जहाज डूब रहा है और नेता जहाज छोड़कर इधर-उधर भाग रहे हैं। वहीं कांग्रेस की गुटबाजी पर तंज कसते हुए अभिमन्यु ने कहा कि इस दिल के टुकड़े हजार हुए कोई यहां गिरा कोई वहां गिरा।