दुष्कर्म मामले में जेल में सजा काट रहा कैदी जेल कर्मियों को चकमा देकर हुआ फरार

खबरें अभी तक। ऊना के बनगढ़ में स्थित जिला जेल से दुष्कर्म मामले का सजायफ्ता कैदी फरार हो गया है। जेल में कैदी सफाई कर रहा था और इसी दौरान कैदी जेल कर्मियों को चकमा देकर जेल से भागने में सफल हो गया। मामले की सूचना मिलते ही पुलिस ने ऊना और साथ लगते पंजाब के नंगल के बस अड्डों, रेलवे स्टेशनों और पंजाब से सटी सीमाओं पर तालाशी अभियान शुरू कर दिया है।

जिला ऊना के बनगढ़ में स्थित जेल से दुष्कर्म मामले का सजायाफ्ता कैदी शुक्रवार करीब 4:30 बजे फरार हो गया। फरार हुए कैदी की पहचान उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जिले की बिलारी तहसील के तहत पड़ते डिहरी निवासी सोर्वन के रूप में हुई है। घटना के दौरान उक्त कैदी सोर्वन जेल के अंदर सफाई कर रहा था, इसी दौरान मौका पाकर वह जेल से फरार हो गया। कैदी के फरार होने के बाद पुलिस ने जगह-जगह नाकेबंदी कर दी है। मैहतपुर प्रवेश द्वार से लेकर ऊना चौक पर भी आने-जाने वाले वाहनों पर कड़ी नजर रखी जा रही है। इसके अलावा सूबे से सटे कस्बा नंगल में भी पैनी निगाह रखी जा रही है। कैदी की तस्वीरें सोशल मीडिया पर भी वायरल हो चुकी।

मिली जानकारी के मुताबिक सोर्वन ऊना के पास जलग्रां में किराए के मकान में रहता था। फरवरी 2017 में ऊना की एक अदालत ने उसे दुष्कर्म के आरोप में सजा सुनाई थी। जिसके बाद से वह अभी तक वनगढ़ जेल में सजा भुगत रहा था। कैदी का जेल से भागते हुए वीडियो सीसीटीवी में कैद हो गई, जिसमें वह काली लोअर व हरे रंग की शर्ट पहने हुए एक बोरी कंधे पर लादे हुए जेल से निकलता दिखाई दे रहा है। मामले की सूचना मिलते ही डीसी राकेश कुमार प्रजापति और एसपी दिवाकर ने मौके पर पहुंच घटना का जायजा लेने के साथ मौके का मुआयना भी किया। डीसी ने जेल अधिकारियों को एफआईआर दर्ज करवाने के निर्देश दिए हैं। वहीं एएसपी विनोद कुमार ने बताया कि पुलिस कैदी की धर पकड़ के लिए अभियान छेड़े हुए है।