CM मनोहर लाल गोहाना की नई सब्जी मंडी में किसान धन्यवाद रैली को करेंगे संबोधित

खबरें अभी तक। सीएम मनोहर लाल रविवार को गोहाना की नई सब्जी मंडी में किसान धन्यवाद रैली को संबोधित करेंगे। भाजपा के स्थानीय नेताओं और प्रशासन ने रैली की तैयारियां पूरी कर ली हैं। रैली को लेकर सुरक्षा चाकचौबंद की गई है। रैली स्थल पर सैकड़ों की संख्या में पुलिस कर्मी तैनात कर दिए गए हैं। रैली स्थल को हरे व केसरिया रंग के टेंट से विशाल पंडाल तैयार किया गया है। सीएम मनोहर लाल हैलीकॉप्टर से आएंगे और उसी से ही वापस जाएंगे। शनिवार को पुलिस और प्रशासन के आला अधिकारियों ने रैली स्थल पर पहुंच कर सुरक्षा और व्यवस्था का जायजा लिया।

किसान धन्यवाद रैली में पहुंचने वाले लोगों असुविधा न हो, इसी के मद्देनजर 5 हजार कुर्सियां बिछाई गई हैं। नई सब्जी मंडी में शैड के नीचे और उसके दोनों तरफ टेंट लगा कर कुर्सियां बिछाई गई हैं। भाजपा नेताओं के अनुसार रैली को लेकर क्षेत्र के किसानों व आम लोगों में भारी उत्साह है। रैली में करीब 20 हजार अधिक लोग पहुंचने की उम्मीद है। प्रशासन से मुख्य शैड के नजदीक में ही दूसरे शैड को भी खाली करवा दिया है। वहां पर लोगों के जमीन में बैठने की व्यवस्था की गई है। रैली स्थल पर तीन मंच तैयार किए गए हैं। मुख्य मंच पर सीएम मनोहर लाल के साथ प्रदेश के कृषि मंत्री ओमप्रकाश धनखड़, कैबिनेट मंत्री कविता जैन और अन्य मंत्री व वरिष्ठ बैठेंगे। दूसरे मंच वीआईपी के लिए रहेगा। तीसरा मंच भाजपा के वरिष्ठ नेताओं और व्यापारियों के लिए तैयार करवाया गया है। सुरक्षा के मद्देनजर मुख्य मंच के सामने 45 फुट लंब गैलरी तैयार की गई है। इस गैलरी में किसान धन्यवाद रैली से संबंधित आकर्षक रंगोली तैयार की गई है।

डीसी विनय सिंह, एसपी प्रतीक्षा गोदारा ने शनिवार को रैली स्थल पर पहुंच कर सुरक्षा और व्यवस्था का जायजा लिया। रैली स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस के अधिकारियों व कर्मचारियों ने रिहर्सल की, जिसका निरीक्षण एसपी गोदारा ने किया। उधर सिक्योरिटी एसपी राजकुमार, गुप्तचर विभाग के डीएसपी अजीत सिंह ने भी रैली स्थल पर पहुंच कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। हरियाणा पिछड़ा वर्ग कल्याण निगम के चेयरमैन रामचंद्र जांगड़ा, भाजपा के जिलाध्यक्ष डॉ. धर्मबीर नांदल और भाजपा नेता ललित बत्रा ने भी रैली की तैयारियों का जायजा लिया। सूत्रों से पता चला है कि पंडाल तैयार करने और अन्य व्यवस्थाओं पर लाखों रुपये खर्च हुए हैं।

करीब तीन घंटे गोहाना में रहेंगे सीएम

सीएम मनोहर लाल दोपहर करीब सवा बारह बजे उपमंडलीय परिसर में हैलीकाप्टर से पहुंचेंगे। वहां हैलीपैड तैयार किया गया है। सीएम हैलीपैड से सीधे रैली स्थल पर पहुंचेंगे। रैली के बाद सीएम शहर में संविधान निर्माता डॉ. अंबेडकर चौक का लोकार्पण करेंगे। इसके साथ ही अन्य कई परियोजनाओं का शिलान्यास होगा। इसके बाद सीएम भाजपा के जिलाध्यक्ष डॉ. धर्मबीर नांदल के निवास पर जाएंगे। वहां से सीएम पूर्व विधायक रामफल चिड़ाना और उसके बाद गांव खेड़ी दमकन में स्वामी जसमेर के निवास पर जाएंगे।

मंडी को कराया खाली

अधिकारियों ने सुरक्षा के मद्देनजर शनिवार सुबह 11 बजे ही सब्जी मंडी को खाली करवा दिया। रविवार को रैली के चलते मंडी में काम नहीं होगा। करीब डेढ़ दिन तक मंडी बंद रहेगी, जिससे व्यापारी और सब्जी विक्रेता परेशान हैं।