महिला सुरक्षा के लिए पुलिस ने लांच किया दुर्गा शक्ति एप

खबरें अभी तक। चरखी दादरी पुलिस एसपी हिमांशु गर्ग द्वारा महिलाओं व छात्राओं की तत्काल सुरक्षा के लिए बनाई गई दुर्गा शक्ति की टीमें अब शहर के स्कूल, कालेजों एवं अन्य शिक्षण संस्थान व भीड़ भाड़ वाले क्षेत्रों में सडक़ पर नजर आएंगी। डीएसपी प्रदीप नैन ने दुर्गा शक्ति एप लांच करते हुए दुर्गा शक्ति वाहनों को रवाना किया।

डीएसपी प्रदीप नैन ने कहा कि प्रदेश सरकार के आदेश अनुसार दुर्गा शक्ति टीम महिलाओं और छात्रओं को तत्काल सुरक्षा प्रदान करने के लिए बनाई गई है। पुलिस विभाग ने महिलाओं की सुरक्षा के लिए दुर्गा शक्ति एप भी लांच किया है। महिलाएं और छात्रएं इस एप को अपने मोबाइल में प्ले स्टोर के माध्यम से डाउनलोड कर सकती हैं। जिस पर एक बार साइन अप करना पड़ता है। जिस में अपनी कुछ मूल जानकारी उपलब्ध करवानी पड़ेगी। इसमें नाम मोबाइल नंबर इत्यादि एक बार साइन अप करने के बाद कोई भी महिला किसी भी विपत्ति के समय तुरंत प्रभाव से पुलिस सहायता प्राप्त कर सकती है। उन्होंने कहा कि जो भी महिला घर से बाहर किसी भी कार्य से जाती है उन सब महिलाओं के लिए दुर्गा शक्ति एप बहुत जरूरी है।

यह एप्प डाउनलोड करने के बाद एक बटन दबाने से ही पीडि़त महिला को तुरंत पुलिस सहायता प्राप्त होगी। यदि कोई असामाजिक तत्व किसी महिला या छात्र को परेशान करेगा तो दुर्गा शक्ति टीम मौके पर पहुंचकर उन्हें सबक सिखाएगी। दुर्गा शक्ति टीम की सेवाएं ओर अधिक बेहतर बनाने के उद्देश्य से एक स्पेशल वाहन व चार स्कूटी राइडर भी प्रदान किए गए हैं। वाहन पर दुर्गा शक्ति का स्लोगन तथा महिला हेल्प लाइन नं. 1091 भी अंकित किया गया है। दुर्गा शक्ति टीम में निरीक्षक राम मेहर सहित कुल 63 महिला व पुरूष जवान तैनात हैं। शहर के सभी शिक्षण संस्थानों, मुख्य बाजार, पार्कों के इलाकों में दुर्गा शक्ति टीमें पेट्रोलिंग करती नजर आएंगी।

दुर्गा शक्ति टीम को उनकी ड्रेस से अलग से ही पहचाना जा सकेगा। उन्होंने कहा कि पुलिस का यह प्रयास होगा कि कोई भी महिला या छात्र अपने आप को असुरक्षित ना समझे। इसके अलावा दुर्गा शक्ति टीमें सभी स्कूलों, कालेजों, शिक्षण संस्थाओं, बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन पर जाकर दुर्गा शक्ति एप के बारे में जागरूक भी करेंगी। डीएसपी ने कहा कि दुर्गा शक्ति एप से अधिक से अधिक महिलाओं और छात्राओं को जोड़ा जाएगा।