खेतों से पशु निकालने पर 90 साल के बुजुर्ग ने चला दी गोली

ख़बरें अभी तक। जिला ऊना के उपमंडल बंगाणा के गांव नरूह एक 90 साल के बुजुर्ग ने अपने खेतो से पशु निकालने पर गोली चला दी। हादसे में इसी गांव की एक महिला और एक व्यक्ति घायल हुए है जिसमें से पुरुष की हालत गंभीर है जबकि महिला को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। पुलिस ने वारदात को अंजाम देने वाले बुजुर्ग को गिरफ्तार कर जांच शुरू कर दी है।

किसान को अन्नदाता कहा जाता है , लेकिन जब इस अन्नदाता की फसल बर्बाद होती है तो उसकी निराशा समंदर से भी गहरे उतर जाती है , लेकिन मौसम या कुदरती मार से बर्बाद फसल को तो किसान मन मसोस कर सहन कर लेता है, लेकिन जब इस बर्बादी का कारण खुद इंसान ही बने तो शायद ये उसकी सहनशीलता से बाहर हो जाता है। कुछ इसी की मिसाल मिली ऊना के बंगाणा में जहां एक 90 साल के बुजुर्ग किसान ने अपने ही गांव के दो लोगों को अपनी छर्रेदार बंदूक से सिर्फ इसी वजह से गोली मार दी क्योंकि उनके पशु अक्सर उसके खेतों से निकलकर चरने जाते थे।

अपनी बर्बाद होती फसल को देख वो इतना व्यथित हुआ कि उसे शांत चित्त कहे जाने वाली बुज़ुर्गी वाली उम्र में भी नौजवानी वाला गुस्सा आ गया। फिर क्या था उसने आंव देखा ना तांव और पशु मालिकों पर गोली चला दी, जिससे एक महिला गोली की आवाज सुनकर बेहोश हो गई जबकि एक व्यक्ति गोली का छर्रा लगने से  घायल हो गया, जिसे बंगाणा में प्राथमिक उपचार देने के बाद गंभीर हालत में क्षेत्रीय अस्पताल ऊना रेफर कर दिया गया है। घायल व्यक्ति के भाई ने बताया कि पिछले करीब सौ साल से यह रास्ता है और इसी रास्ते से उनके पशु नदी किनारे चरने जाते है जबकि आरोपी इस रास्ते से इन्हें पशु ले जाने से रोकता था। वहीं डीएसपी ऊना अशोक वर्मा ने बताया कि पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या का प्रयास करने का मामला दर्ज करके गिरफ्तार कर लिया है वहीं पुलिस मामले में आगामी तफ्तीश कर रही है।