मानसून में बाढ़ के खतरे को देखते हुए सरकारी कर्मचारियों की छुट्टियां रद्द

खबरें अभी तक। मानसून में बाढ़ के खतरे को देखते हुए अम्बाला प्रशासन ने सरकारी कर्मचारियों की छुट्टियां रद्द कर दी हैं। साथ ही अम्बाला प्रशासन ने धार्मिक और सामाजिक संस्थाओं से आपदा प्रबंधन की स्थिति के समय सहयोग की अपील भी की है ताकि जरूरत पड़ने पर उनके परिसरों में लोगों के ठहरने और भोजन पानी की व्यवस्था हो सके। प्रशासन का दावा है कि अब की बार नालों की सफ़ाई बहुत अच्छे से हुई है। इसलिए बाढ़ आने की संभावनाएं कम हुई हैं।

मानसून देश भर में दस्तक दे चुका है। अम्बाला की बात करें तो अम्बाला में मानसून फिलहाल कमजोर है और यहां उम्मीद के मुताबिक काफी कम बारिश हुई है। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में भारी बारिश होने की संभावना जताई है। जिसके बाद अम्बाला प्रशासन ने अलर्ट भी जारी कर दिया है। बाढ़ के खतरे को देखते हुए निकासी और रेस्क्यू से जुड़े सरकारी विभागों के कर्मचारियों की छुट्टियां भी रद्द करने का प्रशासन ने फैसला लिया है। इसके अलावा आपदा प्रबंधन के कान में मदद के लिए प्रशासन ने धार्मिक और सामाजिक संस्थाओं से भी मदद मांगी है। अम्बाला के एसडीएम का दावा है कि अब की बार जिस तरह से अम्बाला के विभिन्न विभागों ने तालमेल से सफाई के काम को अंजाम दिया वो काबिल ए तारीफ है। इसलिए बाढ़ की संभावना न के बराबर है। फिर भी अम्बाला प्रशासन हर स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह से अलर्ट है।

वहीं सरकारी फरमान के बाद धार्मिक और सामाजिक संस्थाओं ने भी प्रशासन की पूरी मदद करने का भरोसा दिया है। पंजाबी गुरूद्वारा प्रबंधक कमेटी के महासचिव बीएस बिंद्रा ने कहा कि प्रशासन ने बाढ़ की स्थिति को देखते हुए धार्मिक और सामाजिक संस्थाओं के साथ बैठक की है। हर बार सिख समुदाय और गुरुद्वारों के ओर से जरूरत पड़ने पर आगे बढ़कर लोगों की सेवा की जाती है। अब की बार भी वाहेगुरु के आशीर्वाद से गुरुद्वारा साहिब की संगत मदद के लिए तैयार खड़ी हैं। चाहे जरूरतमन्दो के ठहरने की व्यवस्था की बात हो या फिर लंगर की सेवा की । हर स्थिति में गुरु के सेवक प्रशासन के साथ खड़े हैं। वहीं अम्बाला की अग्रवाल सभा भी प्रशासनिक आदेशों के बाद मदद के लिए बिल्कुल तैयार खड़ी है। सभा के उप प्रधान उमेश गुप्ता बताते हैं कि अग्रवाल धर्मशाला में लोगों के ठहरने और उनके खाने पीने के पर्याप्त इंतजाम हैं। हर स्थिति में अम्बाला की संस्थाएं प्रशासन के साथ खड़ी हैं।