16 लाख राशन कार्ड धारक उपभोक्ताओं को महंगाई से फिर मिलेगी बड़ी राहत

खबरें अभी तक। हिमाचल प्रदेश के 16 लाख राशन कार्ड धारक उपभोक्ताओं को महंगाई से फिर एक बार बड़ी राहत मिली है। उपभोक्ताओं को डिपुओं में मिलने वाली सस्ती दालों के दामों में 10 से लेकर 20 प्रतिशत तक की गिरावट दर्ज की गई है। इसके चलते अब दालों के दामों में 5 रुपए तक कमी आई है। अब डिपुओं में दालों की खरीद के लिए लोगों की जेब पर अधिक बोझ नहीं पड़ेगा। इसी माह डिपुओं में मिलने वाली दालें अब 5 रुपए कम दामों में मिलेंगी। हालांकि डिपुओं में मिलने वाली साबूत मूंग की दाल में कोई परिवर्तन नहीं आया है। लेकिन अन्य 3 दालों में यह गिरावट आई है।

दिसम्बर माह से लगातार दालों के दामों में आई गिरावट

देश भर में बीते दिसम्बर माह से लगातार दालों के दामों में गिरावट आई है, ऐसे में राज्य में भी इसका असर पड़ा है और डिपुओं में मिलने वाली दालों को भी राज्य सरकार ने सस्ता कर दिया है। बीते वर्ष से डिपुओं में लगातार तीसरी बार यह गिरावट दर्ज की गई है। राज्य सरकार ने कैबिनेट की बैठक में इस संबंध में दालों को सस्ता करने का निर्णय लिया है और इस संबंध में नोटिफिकेशन जारी कर दी है।

दिसम्बर के बाद दालों में आया यह परिवर्तन

डिपुओं में मिलने वाली दालों में बीते दिसम्बर माह से लगातार गिरावट दर्ज की गई है। दिसम्बर से पहले दाल चना 50 रुपए प्रति किलो थी उसके बाद इनमें 10 रुपए की कमी आई। और यह डिपुओं में 40 रुपए प्रति किलो तक मिलना शुरू हुई। अब इसमें पांच रुपए तक की कमी आई है और यह डिपुओं में 35 रुपए प्रतिकिलो तक बिकेगा। इसी तरह दाल मलका जो 35 रुपए बिक रही थी अब 30 रुपए किलो मिलेगी। इसी तरह उड़द की दाल भी 35 की बजाय अब 30 रुपए में मिलेगी। हालांकि साबूत मंूग की दाल में कोई परिवर्तन नहीं हुआ, यह 45 रुपए में ही उपलब्ध होगी।

अब डिपुओं में विधिवत होगी राशन की सप्लाई

बीते माह से डिपुओं में देरी से पहुंचने वाले राशन की सप्लाई अब विधिवत रूप से होगी। डिपुओं में अब बैकलॉग का राशन लोगों को पूरी तरह से उपलब्ध होगा। चीनी से लेकर तेल व दालों के ऑर्डर सरकार ने पहले से जारी कर दिए हैं, ऐसे में डिपुओं में समय पर राशन की आपूर्ति होगी।