मोदी सरकार के खिलाफ विपक्ष की मोर्चाबंदी को जवाब देने के लिये भाजपा नेता सड़कों पर

खबरें अभी तक। केन्द्र की नरेन्द्र मोदी सरकार के खिलाफ विपक्ष की मोर्चाबंदी को जवाब देने के लिये भाजपा नेता तैयार हो चुके हैं। केंन्द्र सरकार अपनी उपलब्धियां जनता तक पहुंचाने के लिए भारतीय जनता युवा मोर्चा और पूर्वांचल मोर्चा ने विशेष अभियान शुरू किया है। इसके तहत कार्यकर्ता दोपहिया वाहनों से सड़कों पर निकलेंगे।

दिल्ली प्रदेश भाजपा अध्यक्ष मनोज तिवारी ने दोपहिया वाहनों पर सवार कार्यकर्ताओं को रवाना कर इस अभियान को शुरु किया। मनोज तिवारी ने कहा कि भाजपा मोदी सरकार की उपलब्धियों एवं विकास कार्यों के प्रचार को लोगों के बीच लेकर जा रही है। वहीं  हताश विपक्षी दल जनता को धर्म एवं जाति के नाम पर भड़का रहे हैं।

लोकसभा चुनाव 2019 के लिए समर्थन सम्पर्क अभियान के तहत भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष एवं उत्तर पूर्वी दिल्ली के सांसद मनोज तिवारी यमुना विहार स्थित संपर्क कार्यालय में पहुंचे और इस मौके पर कान की मशीन और चश्मे का वितरण किया। प्रदेश भाजपा के उपाध्यक्ष जय प्रकाश ने कहा है, कि 11 जून तक प्रतिदिन कार्यकर्ता दोपहिया वाहन रैली निकालेंगे। भाजयुमो अध्यक्ष सुनील यादव ने कहा कि रविवार को महरौली जिले में और उसके बाद अन्य सभी जिलों में कार्यकर्ता पहुंचेंगे। भाजपा पूर्वांचल मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष मनीष सिंह ने कहा है कि सातों संसदीय क्षेत्रों में दोपहिया रैली निकाली जाएगी।