प्रचंड गर्मी से लोग घरों में हुए कैद

खबरें अभी तक। हिमाचल प्रदेश में सूरज की किरणें आग उगल रही है। प्रचंड गर्मी के चलते राज्य के मैदानी इलाकों भट्ठी की तरह तप रहे हैं। मैदानी इलाकों में प्रचंड गर्मी ने लोगों को घरों में कैद कर दिया है। राज्य में शनिवार को सीजन का सबसे गर्म दिन रिकार्ड किया गया है। मौसम विभाग की मानें तो राज्य के मैदानी इलाकों में 30 मई तक गर्मी पसीने छुड़ाएगी।

31 मई से मौसम करवट लेगा। विभाग ने दो दिन तक आसमान से राहत की फुहारे बरसने का पूर्वानुमान लगाया है, जबकि पहाड़ों पर 29 मई से मौसम करवट ले लेगा। वीकेंड पर राज्य भर में चटक धूप खिली रही, जिससे अधिकतम तापमान में एक से दो डिग्री का उछाल आया है। प्रदेश के ऊना का पारा 44 डिग्री से पार हो गया है।

ऊना में अधिकतम तापमान 44.2 डिग्री आंका गया। जो जैसलमेर को छोड़कर देश भर में सबसे अधिक आंका गया है। इसके अलावा बिलासपुर का पारा 41.4 और हमीरपुर का 40.1 डिग्री तक पहुंच गया है। कांगड़ा का तापमान 40.0 डिग्री के आंकड़े के करीब है। राज्य के मैदानी इलाकों के साथ-साथ अब पहाड़ों पर भी तपन बढ़ गई है।

पहाड़ों पर भी गर्मी पसीने छुड़ा रही है। मौसम विभाग के निदेशक डा. मन मोहन सिंह ने बताया कि प्रदेश के मैदानी इलाकों में 31 मई से और पहाड़ों पर 29 मई से मौसम करवट लेगा। इस दौरान एक-दो स्थानों पर गर्जन के साथ बारिश होगी।