नक्सल विरोधी अभीयान में पुलिस को मिली बड़ी कामयाबी, समर्पण करने वाले सभी नक्सलियों की रणनीतियों से थे परेशान

खबरें अभी तक। छत्तीसगढ़ के बस्तर में चल रहे नक्सल विरोधी अभियान को गुरुवार को बड़ी सफलता मिली। पुलिस अधिकारियों के सामने 60 नक्सलियों ने 7 हथियार के साथ समर्पण किया। समर्पण के समय पुलिस महानिरीक्षक बस्तर रेंज जगदलपुर विवेकानंद सिन्हा, उप पुलिस महानिरीक्षक कांकेर रेंज रतनलाल डांगी, पुलिस अधीक्षक नारायणपुर जितेंद्र शुक्ल, अनिल सोनी अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नारायणपुर मौजूद थे। इनमें से 5 नक्सलियों को पुलिस महानिरीक्षक विवेकानंद सिन्हा ने प्रोत्सहान राशि प्रदान की।

पुलिस महानिरीक्षक बस्तर रेंज जगदलपुर विवेकानंद सिन्हा ने कहा कि सरेंडर करने वाले नक्सलियों में 40 पुरुष और 20 महिला नक्सली शामिल हैं। नक्सलियों ने 7 भरमार बंदूकों के साथ समर्पण किया है।

आईजी सिन्हा ने बताया कि ये सभी नक्सलियों की रणनीतियों से तंग थे। लगातार प्रताड़ित हो रहे थे, इसलिए सभी ने हथियार छोड़ने का फैसला किया। इन सभी को राहत और पुर्नवास नीति के तहत सभी को लाभ दिए जाएंगे।