गोरखपुर में बड़ा सड़क हादसा, कार की पेड़ से टक्कर में छह की मौत

खबरें अभी तक। तेज रफ्तार कार के चालक के नियंत्रण गंवा देने के कारण आज छह लोग मौत की आगोश में समां गए। गोरखपुर के बांसगांव क्षेत्र में आज अनियंत्रित कार के पेड़ से टकरा जाने के कारण छह लोगों की मौत हो गई। दो घायल में एक बेहद गंभीर है।

गोरखपुर के बांसगांव के माल्हनपार के पास आज सुबह जहां तेज रफ्तार अनियंत्रित कार पेड़ से टकरा गई। इस हादसे में कार सवार छह लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने सभी के शव को कार से बाहर निकाला। दो घायलों में एक गंभीर है। इलाज के लिए उसे गोरखपुर जिला अस्पताल भेजा गया है। पुलिस ने छह शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

पुलिस के मुताबिक सेंट्रो कार संख्या एमएच 02 एमए 8466 सेंट्रो कार अनियंत्रित होकर पेड़ से टकराने के कारण सड़क के बगल गड्ढे में जा गिरी। कार में सवार छह लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। दो घायल में एक की हालत गंभीर बताई जा रही है। बांसगांव थाने की पुलिस ने घायल को बांसगांव सीएससी पहुंचाया। जहां से उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है।

मृतकों की पहचान गगहा थाना क्षेत्र के चंवरिया के रहने वाले मुनेश्वर शर्मा के परिवार के रूप में हुई है। उनकी बड़ी बेटी की शादी मालहनपर के पास परसा में हुई है। उसकी तबियत खराब है। उसी को देखने पूरे परिवार के साथ मुनेश्वर शर्मा सेंट्रो कार से परसा गए थे। वापस लौटते समय गाड़ी पेड़ से टकरा कर पलट गई। कार सवार मुनेश्वर शर्मा 65 वर्ष, मुनेश्वर की पत्नी माधुरी, मुनेश्वर के भाई दिलीप की बेटियां तान्या 12 वर्ष व हर्षिता 8 वर्ष, भतीजा राकेश 25 वर्ष, मुनेश्वर के बेटे पंकज 20 वर्ष की मौत हो गई। मुनेश्वर के भाई दिलीप शर्मा 35 वर्ष गंभीर रूप से घायल हैं। पुलिस ने मृतक के परिवार के लोगों को सूचना दे दी है। सूचना मिलते ही घर में कोहराम मच गया। मौके पर पुलिस के अधिकारी पहुंच गए है। अब पुलिस घटना की जांच में जुटी है।