राजा भैया ने तोड़ा अखिलेश यादव का भरोसा, आजम हो गए बेहद करीब

खबरें अभी तक। अखिलेश यादव की सरकार में कैबिनेट मंत्री रहे निर्दलीय विधायक रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया ने अब उनका भरोसा तोड़ दिया है। इसके इतर अखिलेश यादव का भरोसा पूर्व मंत्री आजम खां पर अधिक बढ़ गया है।

प्रदेश में 23 मार्च को राज्यसभा चुनाव के दौरान समाजवादी पार्टी की मदद से मैदान में उतरे बहुजन समाज पार्टी के प्रत्याशी भीमराव अंबेडकर की हार के बाद से ही निर्दलीय विधायक राजा भैया पर अखिलेश यादव का संदेह गहरा गया था। इस चुनाव में राजा भैया की भूमिका को लेकर बड़े सवाल उठे। राजा भैया ने अखिलेश यादव को समर्थन का वादा किया फिर वोटिंग के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात की। मतदान के दौरान राजा भैया ने समाजवादी पार्टी के समर्थन का ऐलान किया। उन्होंने साफ कहा था कि वह बसपा के साथ नहीं हैं। जिसके बाद अखिलेश यादव ने समर्थन के लिए ट्वीट कर उनका शुक्रिया भी अदा किया था।

चुनावी नतीजे में प्रत्याशी की हार के बाद बसपा सुप्रीमो मायावती ने राजा भैया को लेकर निशाना साधा था और कहा था कि अखिलेश यादव राजा भैया के जाल में फंस गए जिसके तुरंत बाद अखिलेश यादव ने राजा भैया को लेकर किया गया अपना ट्वीट भी हटा लिया। ट्वीट हटाने पर आज अखिलेश यादव ने सफाई दी कि यह एक भावना होती है। उन्होंने कहा कि हमें राजा भैया के बारे में कुछ नहीं कहना है, उन्हें खुद सोचना चाहिए कि उन्होंने क्या किया। लगता नहीं है कि वो हमारे साथ हैं।