2004 के फर्जी शिनाख्त मामले में 106 साल के पूर्व पंच को भेजा गया जेल

अपने गांव के पंच रहे 106 वर्ष के बुजुर्ग को हाई कोर्ट से भी सजा बरकरार रहने के बाद पुलिस ने जेल भेज दिया है। गांव भिरड़ाना का पंच होने के नाते पंच राम सिंह ने एक व्यक्ति की शिनाख्त की थी, लेकिन वह व्यक्ति नहीं था, जिसके रूप में शिनाख्त की गई थी।

इसके बाद केस दर्ज हुआ और राम सिंह को सजा हुई। उसने पंजाब एवं हरियाणा हाई कोर्ट में अपील की, राहत नहीं मिली। हालांकि राम सिंह दो वर्ष की सजा काट चुका है। अब उसे एक वर्ष और जेल में रहना होगा।

राम सिंह के खिलाफ केस 2004 में दर्ज हुआ था। निचली अदालत से सजा मिलने के बाद उसे जेल भेज दिया गया था। दो साल की सजा काटने के बाद जमानत मिल गई। इसके बाद वह खुद को बेगुनाह साबित करने के लिए वह सेशन कोर्ट से होते हुए हाईकोर्ट तक गया।

अब स्थिति यह है कि राम सिंह बीमार रहता है और हर समय चारपाई पर लेटा रहता है। पुलिस की गाड़ी में बैठने लायक नहीं था। इसलिए उसे संस्था की एंबुलेंस में डालकर ही गांव से पुलिस कोर्ट में लेकर पहुंची। यहां पेशी के बाद उसे जेल भेज दिया गया।