26/11 मुंबई हमले में जीवित बचे पुलिसकर्मी की बेटी को मिली सरकारी नौकरी

26/11 मुंबई आतंकी हमले में जीवित बचे पुलिसकर्मी की बेटी को महाराष्ट्र सरकार के कृषि विभाग में उपनिदेशक नियुक्त किया गया है। धनश्री (23) कांस्टेबल अरुण जाधव की बेटी हैं। पुलिस वैन में सवार जाधव पर पाकिस्तानी आतंकी अजमल कसाब और अबू इस्माइल ने दक्षिण मुंबई में कामा अस्पताल के पास हमला किया था। यह हमला 26 नवंबर 2008 की रात में किया गया था।

आतंकियों की गोलीबारी में महाराष्ट्र आतंकवाद विरोधी दस्ते के प्रमुख हेमंत करकरे, आइपीएस अधिकारी अशोक कामटे, एनकाउंटर स्पेशलिस्ट पुलिस इंस्पेक्टर विजय सालस्कर एवं तीन कांस्टेबल मारे गए थे। अकेले कांस्टेबल जाधव इस हमले में जीवित बच गए थे। वर्तमान में वह मुंबई पुलिस के फिरौती विरोधी सेल में तैनात हैं।

धनश्री ने कोंकण कृषि विद्यापीठ, दपोली से 2015 में एग्रीकल्चर इंजीनियरिंग की शिक्षा ली है। मुख्यमंत्री देवेंद्र फड़नवीस ने जाधव को आश्वासन दिया था कि उनकी बेटी को सरकारी नौकरी दी जाएगी। कांस्टेबल जाधव ने कहा कि हाल ही में धनश्री ने आवेदन दिया था और उसे नौकरी मिली।

जाधव के दो और बच्चे हैं। एक बेटा और एक बेटी। जाधव की बेटी कंप्यूटर इंजिनियरिंग में तीसरे साल की पढ़ाई कर रही है, जबकि बेटा मैकेनिकल इंजिनियरिंग में पहले साल का छात्र है। अरुण जाधव इन दिनों मुंबई क्राइम ब्रांच के हफ्ता निरोधक प्रकोष्ठ में कार्यरत हैं। उन्होंने विजय सालसकर के साथ करीब डेढ़ दशक तक मुंबई क्राइम ब्रांच में काम किया। 26/11 के हमले में सालसकर शहीद हो गए थे। सालसकर उन दिनों हफ्ता निरोधक प्रकोष्ठ के चीफ थे।