पाक की नापाक हरकत, 10 नौकाओं के साथ 60 मछुआरों का किया अपहरण

पाकिस्तान मरीन सिक्युरिटी एजेंसी ने नापाक हरकत करते हुए अंतरराष्ट्रीय जल सीमा से 60 भारतीय मछुआरों का अपहरण कर लिया है। पाकिस्तान ने मछुआरों की 10 नौकाएं भी जब्त कर ली हैं। इससे मछुआरों में रोष व्याप्त है। ये सभी मछुआरे सौराष्ट्र और पोरबंदर के हैं।

सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, बुधवार सुबह 10 नौकाओं में सवार 60 मछुआरे भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय जल सीमा के समीप मछली पकड़ रहे थे। उसी समय पाकिस्तानी मरीन सिक्युरिटी एजेंसी ने उन्हें चारों ओर से घेर लिया। इसके बाद भारतीय मछुआरों को बंधक बनाकर कराची बंदरगाह ले जाया गया है। पाकिस्तान की इस नापाक हरकत से मछुआरों में रोष फैल गया है।

मछुआरों का आरोप है कि आए दिन पाकिस्तान द्वारा भारतीय मछुआरों पर फायरिंग की जाती है। अपहरण के बाद भारत से रिश्ते सुधारने का नाटक कर इन मछुआरों को छोड़ा जाता है। मछुआरों का आरोप है कि पाकिस्तान ने मछुआरों की करोड़ों रुपये की करीब 900 नौकाएं जब्त कर ली हैं। जिसे छुड़ाने के लिए सरकार को पहल करनी चाहिए।