आतंक के 6 साल बाद पाकिस्तान लौटीं मलाला, तालिबान ने मारी थी गोली

नोबेल शांति पुरस्कार विजेता मलाला यूसुफजई छ: साल बाद अपने देश पाकिस्तान लौट गई हैं। तालिबानी आतंकियों द्वारा किए गए हमले के बाद मलाला पहली बार पाकिस्तान पहुंची। पाकिस्तानी मीडिया के अनुसार मलाला गुरुवार की सुबह दुबई के रास्ते अपने देश पहुंची। बता दें कि छ: साल पहले 2012 में लड़कियों के लिए शिक्षा की वकालत करने पर तालिबानी आतंकियो ने मलाला पर हमला किया था और उन्हें सिर पर गोली मारी थी। इस घटना के बाद मलाला पाकिस्तान छोड़ने पर मजबूर हो गई थी और इंग्लैंड में रह रहीं थीं।

मलाला के इस कार्यक्रम को सुरक्षा के लिहाज से काफी गुप्त रखा गया है। मलाला युसुफजई को कड़ी सुरक्षा के बीच अपने माता-पिता के साथ इस्लामाबाद के बेनजीर भुट्टो अंतर्राष्ट्रीय हवाईअड्डे निकलते देखा गया है। यह जानकारी वहां के लोकल मीडिया ने, फोटोग्राफ्स के आधार पर दी है। पाकिस्तान आगमन पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। विमान से उतरने के बाद उन्हें कड़ी सुरक्षा के बीच एक स्थानीय होटल में ले जाया गया।