एआइ से खुलेंगे मस्तिष्क में छुपे तमाम रहस्यों का राज

दुनियाभर के वैज्ञानिक आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (कृत्रिम बुद्धिमता (एआइ)) तकनीक को विकसित करने में लगे हुए हैं। इसका इस्तेमाल बेहद विकसित मोबाइल फोन और कंप्यूटर तैयार करने में किया जा रहा है।

अब वैज्ञानिक एआइ के क्षेत्र में एक और कदम आगे बढ़ने जा रहे हैं। इस तेजी से उभरती तकनीक के जरिये वे सबसे रहस्यमय तंत्र यानी मानव मस्तिष्क में छुपे रहस्यों को उजागर करने की तैयारी में हैं। वैज्ञानिकों का मानना है कि एआइ नेटवर्क के जरिये मानव मस्तिष्क में छुपे तमाम रहस्यों को खोला जा सकता है और इसकी मदद से हम वो सब जान सकते हैं, जिनसे अभी तक अंजान हैं।

वैज्ञानिक एक आर्टिफिशियल न्यूरोंस तैयार कर रहे हैं, जो एक लाइन कोड और सॉफ्टवेयर है, जिसे न्यूरल नेटवर्क मॉडल से जोड़ा जाएगा। इसके जरिये तस्वीरों के स्थानों और वस्तुओं को पहचाना जा सकता है। बता दें कि शोधकर्ता पहले से ही जानते हैं कि मानव मस्तिष्क में बहुत सारी तस्वीरें एकत्र होती हैं। इस तरह इस नेटवर्क का इस्तेमाल मानव मस्तिष्क में छुपी तस्वीरों के आधार पर स्थानों और वस्तुओं को पहचानने में किया जा सकेगा।