बिहार का मोस्ट वॉन्टेड नक्सली नोएडा में गिरफ्तार, 6 नरसंहार का है आरोपी

उत्तर प्रदेश पुलिस ने सोमवार की रात नोएडा सेक्टर-9 स्थित हरौला गांव में छिपे 50 हजार के ईनामी खूंखार नक्सली को गिरफ्तार किया है। बिहार और उससे सटे इलाकों में उसका आतंक था। उसने इस इलाके में 14 हत्‍याओं और आधा दर्जन नरसंहार को अंजाम दिया है। बिहार पुलिस को उसकी शिद्दत से तलाश थी। सूत्रों के मुताबिक गिरफ्तार नक्‍सली एरिया कमांडर है। फ‍िलहाल नोएडा पुलिस उससे पूछताछ कर रही है। पुलिस इस बात की भी पड़ताल कर रही है कि आखिर वह किस मकसद से नोएडा में आया हुआ था?

पुलिस ने उसके पास से माेबाइल फोन और कुछ अन्‍य कागजात भी बरामद किए हैं। फ‍िलहाल इस बात की पड़ताल हो रही है कि उसके पास विस्‍फोटक सामग्री तो नहीं है। गिरफ्तार नक्सली का नाम सुधीर भगत है और वह काफी खूंखार बताया जा रहा है।

जानकारी मिली है कि इसके पास से बड़ी संख्या में हथियार भी बरामद हुए हैं। बताया गया है कि वह हरौला में वर्ष 2015 से ही फर्जी पहचान पर रह रहा था, लेकिन स्थानीय पुलिस और एलआइयू को इसकी भनक तक नहीं लगी।

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, नक्सली की गिरफ्तारी खुफिया सूचना के आधार पर की गई। हालांकि, पुलिस ने काफी लंबे समय से 50 हज़ार के इनामी नक्सली सुधीर भगत को गिरफ्तार करने के लिए जाल बिछाया हुआ था। आखिरकार सोमवार रात को सुधीर को गिरफ्तार करने में यूपी पुलिस कामयाब हो गई। कहा जा रहा है कि पूछताछ में कई राज्यों में फैले नक्सलियों के बारे में कई अहम खुलासे हो सकते हैं।

सूत्रों के मुताबिक, सुधीर भगत बिहार में एक नरसंहार का आरोपी है। उस पर 14 हत्याएं करने के साथ और 6 नरसंहार का भी आरोप है। ऐसे में सुधीर की गिरफ्तारी को यूपी पुलिस की बड़ी कामयाबी बताया जा रहा है।

सुधीर बिहार के मुजफ्फरपुर का रहने वाला है और कभी नक्सली एरिया कमांडर था। सुधीर पर बिहार में एक फैक्ट्री को बम से उड़ाने का भी आरोप है। हालांकि, कभी वह गाजियाबाद स्थित मोदीनगर के दिव्यज्योति कॉलेज से बीटेक की पढ़ाई भी कर रहा था, लेकिन तब उस पर किसी की नजर नहीं पड़ी।