50 हजार का इनामी नक्सली गिरफ्तार

खबरें अभी तक। दिल्ली के साथ सटी हुई नोएडा सिटी में पुलिस को एक बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। जहां रविवार को नोएडा पुलिस ने एक 50 हजार के इनामी नक्सली को गिरफ्तार किया है। पकड़ा गया नक्सली बिहार में हुए नरसंहार का आरोपी बताया जा रहा है। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर नोएडा के हरौला से इसे गिरफ्तार किया है।

जानकारी के अनुसार बीती रात एसएसपी, एसपी सिटी और सीओ सहित 4 दर्जन से ज्यादा पुलिसकर्मियों की टीम अचानक नोएडा के सेक्टर-5 पहुंची। इसके बाद पुलिस ने यहां तलाशी अभियान शुरू किया और जल्दी ही एक मकान से कुछ पुलिसकर्मी एक शख्स को पकड़ कर बाहर ले आए। इस शख्स का नाम सुधीर भगत है और यह बिहार में नक्सली कमांडर भी रह चुका है।

पुलिस के अनुसार सुधीर पर बिहार में एक फैक्ट्री को बम से उड़ाने सहित 14 हत्या और 6 नरसंहार का आरोप है। फिलहाल सुधीर नोएडा के सेक्टर-5 हरौला में 2015 से फर्जी आईडी पर रह रहा था और मोदीनगर के दिव्य ज्योति कॉलेज से बीटेक की पढ़ाई भी कर रहा था। पुलिस को मौके से सुधीर भगत के पास से एक पिस्टल भी मिली है।