बेनकाब हो रहा पार्टी का असली चेहरा

खबरें अभी तक।  पिछले दिनों त्रिपुरा में हुई हिंसक घटनाओं के बाद वामदलों ने पूरे देश में भाजपा व आरएसएस के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। उसी के तहत हमीरपुर में भी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने धरना प्रदर्शन कर अपना रोष प्रकट किया।

इस मौके पर भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के प्रदेश सचिव डॉ कश्मीर सिंह ठाकुर ने केंद्र सरकार व भाजपा पर जमकर हल्ला बोला। इस तरह की घटनाओं को लोकतंत्र पर हमला करार दिया।

बताया जाता है कि हमीरपुर के उपायुक्त कार्यालय के गेट पर एकत्रित होकर सीपीआईएम के कार्यकर्ताओं ने त्रिपुरा में लेनिन की मूर्ति ढहाने के अलावा आए दिन दफ्तरों व घरों पर हो रहे हमलों की निंदा की।

उन्होंने कहा कि इन घटनाओं से भाजपा का असली चेहरा बेनकाब हो रहा है। उन्होंने राज्यपाल से त्रिपुरा सरकार की बर्खास्तगी की मांग भी की। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव जीतने के बाद भाजपा विरोध के खिलाफ दमनकारी नीति अपनाती है और पार्टी लोकतंत्र में विश्वास नहीं रखती है।