विधानसभा घेरेगा तंवर की लाल साइकिलों का काफिला

हरियाणा प्रदेश प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष डॉ. अशोक तंवर बजट सत्र के पहले दिन सैकड़ों साइकिलों के काफिले के साथ विधानसभा का घेराव करेंगे। सभी साइकिलें लाल रंग की होंगी और सभी कार्यकर्ता राहुल गांधी व अशोक तंवर के मुखौटे पहने होंगे। साइकिल यात्रा के जरिए तंवर न केवल कांग्रेस का चुनाव घोषणा पत्र तैयार करेंगे, बल्कि भाजपा सरकार के साढ़े तीन साल के कार्यकाल के विरुद्ध हुंकार भरते नजर आएंगे।

विधानसभा का बजट सत्र 5 मार्च को है। इसी दिन तंवर साइकिल यात्रा शुरू करेंगे। कांग्रेस कार्यकर्ता उत्तर हरियाणा के प्रमुख कालका हलके में एकत्र होंगे। यहां काली माता मंदिर में पूजा अर्चना के बाद तंवर का काफिला मुझमें राहुल-मुझमें तंवर के नारे लगाते हुए हरियाणा विधानसभा की ओर कूच करेगा। साइकिल रैली की तैयारियों को प्रदेश अध्यक्ष अशोक तंवर स्वयं और प्रांतीय कोषाध्यक्ष तरुण भंडारी अंतिम रूप देने में लगे हैं।

फिलहाल करीब 40 हजार मुखौटों का इंतजाम किया गया है। साइकिल यात्रा को परिवर्तन लाओ-हरियाणा बचाओ का नाम दिया गया है। कांग्रेस ने इस यात्रा के लिए करीब 1200 साइकिलों का इंतजाम किया है। 800 साइकिलों का कार्यकर्ता अपने स्तर पर इंतजाम करेंगे। वकील अपनी ड्रेस में और महिलाएं लाल सूट में यात्रा में शामिल होंगी। हर साइकिल पर सात फीट ऊंचा पार्टी का झंडा लगा होगा।