COVID-19: कोरोना का प्रकोप जारी, 24 घंटे में 4120 संक्रमितों की मौत, 3.62 लाख नए केस !

ख़बरें अभी तक || भारत में कोरोना की दूसरी लहर थमने का नाम नहीं ले रही है। कोरोना के मामलों में लगातार उतार चढ़ाव देखने को मिल रहा है। वहीं मौत का आंकड़ा भी लगातार बढ़ रहा है।देश में कोरोना संक्रमण से हर दिन चार हजार से ज्यादा लोगों की जान जा रही है। अबतक 2 लाख 58 हजार से ज्यादा कोरोना मरीज अपनी जान गंवा चुके हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से जारी ताजा आंकड़ों के अनुसार, पिछले 24 घंटों में 3 लाख 62 हजार 727 नए कोरोना केस आए और 4 हजार 120 संक्रमितों की जान चली गई है। हालांकि 3 लाख 52 हजार 181 लोग कोरोना से ठीक भी हुए हैं। इससे एक दिन पहले मंगलवार को 3 लाख 48 हजार 421 नए केस आए थे।

12 मई तक देशभर में 17 करोड़ 72 लाख 14 हजार 256 कोरोना डोज दिए जा चुके हैं। बीते दिन 18 लाख 94 हजार 991 टीके लगाए गए। वहीं अब तक करीब 31 करोड़ टेस्ट किए जा चुके हैं। बीते दिन 18.64 लाख कोरोना सैंपल टेस्ट किए गए, जिसका पॉजिटिविटी रेट 19 फीसदी से ज्यादा है।

देश में आज कोरोना की ताजा स्थिति-

कुल कोरोना केस- दो करोड़ 37 लाख 3 हजार 665

कुल डिस्चार्ज- एक करोड़ 97 लाख 34 हजार 823

कुल एक्टिव केस- 37 लाख 10 हजार 525

कुल मौत- 2 लाख 58 हजार 317

देश में कोरोना से मृत्यु दर 1.09 फीसदी है जबकि रिकवरी रेट 83 फीसदी से ज्यादा है। एक्टिव केस बढ़कर करीब 16 फीसदी हो गए हैं। कोरोना एक्टिव केस मामले में दुनिया में भारत का दूसरा स्थान है। कुल संक्रमितों की संख्या के मामले में भी भारत का दूसरा स्थान है। जबकि दुनिया में अमेरिका, ब्राजील के बाद सबसे ज्यादा मौत भारत में हुई है।

8 राज्यों में लॉकडाउन जैसी पाबंदियां

देश के 18 राज्यों में पूर्ण लॉकडाउन जैसी पाबंदियां हैं। इनमें हिमाचल प्रदेश, हरियाणा, दिल्ली, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, छत्तीसगढ़, ओडिशा, मध्यप्रदेश, महाराष्ट्र, कर्नाटक, केरल, तमिलनाडु, मिजोरम, गोवा, तेलंगाना और पुडुचेरी शामिल हैं। यहां पिछले लॉकडाउन जैसे ही कड़े प्रतिबंध लगाए गए हैं।

14 राज्यों/केंद्र शासित प्रदेशों में आंशिक लॉकडाउन

देश के 14 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में आंशिक लॉकडाउन है। यानी यहां पाबंदियां तो हैं, लेकिन छूट भी है। इनमें पंजाब, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, उत्तराखंड, अरुणाचल प्रदेश, सिक्किम, मेघालय, नगालैंड, असम, मणिपुर, त्रिपुरा, पश्चिम बंगाल, आंध्र प्रदेश और गुजरात शामिल हैं।

दिल्ली में आज से 18-44 उम्र के लिए कोवैक्सीन उपलब्ध नहीं

दिल्ली में 18 से 44 साल के उम्र के लोगों को कोवैक्सीन के टीके आज से नहीं लगाए जा सकेंगे। दरअसल, दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने बुधवार को कहा कि कोवैक्सीन निर्माता भारत बायोटेक ने दिल्ली सरकार को टीके की अतिरिक्त खुराकें उपलब्ध कराने से इनकार कर दिया है और इस वजह से 18-44 के लोगों के लिए चलाया जा रहा टीकाकरण अभियान प्रभावित हो सकता है। आम आदमी पार्टी (आप) की नेता आतिशी ने कहा कि दिल्ली को 11 मई को कोविशील्ड टीके की 2.67 लाख से अधिक खुराकें मिलीं, लेकिन उसके पास कोवैक्सीन का भंडार पूरी तरह खत्म हो चुका है।

प्रमुख राज्यों के हाल

महाराष्ट्र में कल 816 मौतें हुईं, 58,805 मरीज ठीक हुए

महाराष्ट्र में कल कोविड के 46,781 नए मामले सामने आए और 816 मौतें हुईं. राज्य में अब संक्रमण के कुल मामले बढ़कर 52,26,710 हो गए, जबकि मृतकों की संख्या बढ़कर 78,007 हो गए. राज्य में 58,805 मरीजों को ठीक होने के बाद छुट्टी दे दी गई, जिससे अब तक ठीक हो चुके लोगों की संख्या बढ़कर 46,00,196 हो गई. अब 5,46,129 मरीजों का इलाज चल रहा है. राज्य में संक्रमण दर 17.36 प्रतिशत है. मुंबई शहर में संक्रमण के 2,104 नए मामले आए.

2. उत्तर प्रदेश

यहां बुधवार को 18,023 लोग संक्रमित पाए गए। 27,139 लोग ठीक हुए और 326 लोगों की मौत हो गई। अब तक राज्य में 15.63 लाख लोग संक्रमित हो चुके हैं। इनमें 13.40 लाख ठीक हो चुके हैं, जबकि 16,639 मरीजों ने दम तोड़ दिया। यहां 2.06 लाख मरीजों का इलाज चल रहा है।

3. दिल्ली

दिल्ली में बुधवार को 13,287 लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए। 14,071 लोग ठीक हुए और 300 की मौत हो गई। अब तक 13.61 लाख लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 12.58 लाख लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 20,310 मरीजों की मौत हो चुकी है। यहां 82,725 का इलाज चल रहा है।