Corona in india: 24 घंटे में 3.43 लाख नए केस, 3.44 लाख हुए रिकवर, 4000 संक्रमितों की मौत !

ख़बरें अभी तक || भारत में कोरोना के मामलों में लगातार उतार चढ़ाव देखने को मिल रहा है। देश के कुछ राज्यों में कोरोना संक्रमण से मामूली राहत जरूर मिली है। लेकिन संकट अभी पूरी तरह से टला नहीं है। कोरोना संक्रमण के चलते हर दिन करीब चार हजार से ज्यादा लोग अपनी जान गंवा रहे हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से बताए गए ताजा आंकड़ों के अनुसार, पिछले 24 घंटों में 3 लाख 43 हजार 144 कोरोना के नए केस दर्ज किए गए हैं और 4000 कोरोना संक्रमितों की मौत हो गई है। वहीं राहत की बात ये है कि, 3 लाख 44 हजार 776 इस महामारी को मात देकर ठीक भी हुए हैं। इससे एक दिन पहले बुधवार को 3 लाख 62 हजार 727 कोरोना केस सामने आए थे।

वहीं देश में वैक्सीनेशन अभियान भी तेजी से चल रहा है। 13 मई तक देशभर में 17 करोड़ 92 लाख 98 हजार 584 कोरोना डोज दिए जा चुके हैं। बीते 24 घंटे में 20 लाख 27 हजार 162 टीके लगाए गए। वहीं अबतक 31.13 करोड़ से ज्यादा कोरोना टेस्ट किए जा चुके हैं। बीते दिन 18.75 लाख कोरोना सैंपल टेस्ट किए गए, जिसका पॉजिटिविटी रेट 18 फीसदी से ज्यादा है।

देश में आज कोरोना की ताजा स्थिति-

कुल कोरोना केस- दो करोड़ 40 लाख 46 हजार 809

कुल डिस्चार्ज- दो करोड़ 79 हजार 599

कुल एक्टिव केस- 37 लाख 4 हजार 893

कुल मौत- 2 लाख 62 हजार 317

देश में कोरोना से मृत्यु दर 1.09 फीसदी है जबकि रिकवरी रेट 83 फीसदी से ज्यादा है। एक्टिव केस घटकर करीब 16 फीसदी हो गए हैं। कोरोना एक्टिव केस मामले में दुनिया में भारत का दूसरा स्थान है। कुल संक्रमितों की संख्या के मामले में भी भारत का दूसरा स्थान है। जबकि दुनिया में अमेरिका, ब्राजील के बाद सबसे ज्यादा मौत भारत में हुई है।

18 राज्यों में लॉकडाउन जैसी पाबंदियां

देश के 18 राज्यों में पूर्ण लॉकडाउन जैसी पाबंदियां हैं। इनमें हिमाचल प्रदेश, हरियाणा, दिल्ली, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, छत्तीसगढ़, ओडिशा, मध्यप्रदेश, महाराष्ट्र, कर्नाटक, केरल, तमिलनाडु, मिजोरम, गोवा, तेलंगाना और पुडुचेरी शामिल हैं। यहां पिछले लॉकडाउन जैसे ही कड़े प्रतिबंध लगाए गए हैं।

14 राज्यों/केंद्र शासित प्रदेशों में आंशिक लॉकडाउन

देश के 14 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में आंशिक लॉकडाउन है। यानी यहां पाबंदियां तो हैं, लेकिन छूट भी है। इनमें पंजाब, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, उत्तराखंड, अरुणाचल प्रदेश, सिक्किम, मेघालय, नगालैंड, असम, मणिपुर, त्रिपुरा, पश्चिम बंगाल, आंध्र प्रदेश और गुजरात शामिल हैं।

प्रमुख राज्यों के हाल

1. महाराष्ट्र

यहां गुरुवार को 42,582 लोग संक्रमित पाए गए। 54,535 लोग ठीक हुए और 850 की मौत हो गई। अब तक राज्य में 52.69 लाख लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 46.54 लाख लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 78,857 लोगों की मौत हो गई। 5.33 लाख मरीजों का अभी इलाज चल रहा है।

2. उत्तर प्रदेश

यहां गुरुवार को 17,745 लोग संक्रमित पाए गए। 19,425 लोग ठीक हुए और 277 लोगों की मौत हो गई। अब तक राज्य में 15.81 लाख लोग संक्रमित हो चुके हैं। इनमें 13.59 लाख ठीक हो चुके हैं, जबकि 16,646 मरीजों ने दम तोड़ दिया। यहां 2.04 लाख मरीजों का इलाज चल रहा है।

3. दिल्ली

दिल्ली में गुरुवार को 10,489 लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए। 15,189 लोग ठीक हुए और 308 की मौत हो गई। अब तक 13.72 लाख लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 12.74 लाख लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 20,618 मरीजों की मौत हो चुकी है। यहां 77,717 का इलाज चल रहा है।