भारत में बेलगाम कोरोना: 24 घंटे में 81 हजार से ज्यादा केस, हर दिन टूट रहा मौत का रिकॉर्ड !

खबरें अभी तक || भारत में कोरोना संक्रमण तेजी से फैल रहा है। देश में हालात एक बार फिर बेकाबू होते जा रहे हैं। नए केस के मामलों में हर दिन रिकॉर्ड टूट रहा है। अप्रैल महीने में हालात पिछले साल सितबंर-अक्टूबर जैसे हो गए है। देश में लगभग 6 महीने बाद पहली बार रिकॉर्ड 81 हजार से ज्यादा नए कोरोना केस दर्ज किए गए हैं। 24 मार्च से लगातार 50 हजार से ज्यादा कोरोना केस आ रहे हैं।

स्वास्थ्य मंत्रालय की ताजा रिपोर्ट के अनुसार, पिछले 24 घंटों में 81,466 नए कोरोना केस सामने आए हैं और  संक्रमंण के चलते 469 लोगों की मौत हो गई है। हालांकि 50,356 लोग कोरोना को मात देकर ठीक भी हुए हैं। इससे पहले 1 अक्टूबर को 81,484 केस आए थे।

वहीं एक समय ऐसा था जब देश में कोरोना संक्रमण की संख्या घटने लगी थी। इस साल 1 फरवरी को 8,635 नए कोरोना केस दर्ज किए गए थे। एक दिन में कोरोना मामलों की ये संख्या इस साल सबसे कम थी। देश में अबतक कोरोना वायरस के लिए कुल 24 करोड़ 59 लाख सैंपल टेस्ट किए जा चुके हैं, जिनमें से 11 लाख सैंपल कल टेस्ट किए गए।

आज देश में कोरोना की स्थिति-

भारत में अब तक करीब 1 करोड़ 23 लाख 3 हजार 131 लोग इस महामारी की चपेट में आ चुके हैं। करीब 1 करोड़ 15 लाख 25 हजार ठीक हो चुके हैं। जबकि 1 लाख 63 हजार 396 ने जान गंवाई है। अब एक्टिव केस 6 लाख 14 हजार 696 हो गए हैं। ये आंकड़े covid19india.org से लिए गए हैं। वहीं देश में टीकाकरण भी तेजी से हो रहा है। स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकड़ों के मुताबिक अबतक 6 करोड़ 87 लाख 89 हजार 138 डोज दी गई है

6 प्रमुख राज्यों के हाल…

1. महाराष्ट्र: नए संक्रमितों का आंकड़ा 40,000 के पार

देश में हर दिन सबसे ज्यादा कोरोना संक्रमण के मामले महाराष्ट्र में आ रहे हैं और सबसे ज्यादा मौत भी यहीं हो रही है। महाराष्ट्र में कल कोरोना वायरस संक्रमण के 43,183 नए मामले सामने आए। महामारी की शुरुआत के बाद से राज्य में एक दिन में सबसे ज्यादा मामले आए हैं। वहीं संक्रमण से और 249 मरीजों की मौत होने के साथ ही राज्य में महामारी से मरने वालों की कुल संख्या बढ़ कर 54,898 पहुंच गई। महाराष्ट्र में कल 32,641 मरीजों को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है। इस तरह कोरोना से ठीक होने वालों की संख्या राज्य में बढ़ कर 24,33,368 हो गई है. महाराष्ट्र में अभी 3,66,533 एक्टिव मरीज हैं, जिनका इलाज जारी है।

2. पंजाब: 6 दिन बाद नए संक्रमित फिर 3,000 के पार

यहां गुरुवार को 3,161 नए मरीज मिले। 2,291 ठीक हुए, जबकि 58 की मौत हुई। राज्य में अब तक 2.42 लाख लोग इस महामारी की चपेट में आ चुके हैं। इनमें से 2.11 लाख ठीक हुए हैं, जबकि 6,926 की मौत हुई है। फिलहाल 24,644 लोगों का इलाज चल रहा है।

3. दिल्ली: नए केस 3,000 के करीब

यहां गुरुवार को 2,790 नए केस आए। 1,121 मरीज ठीक हुए और 9 संक्रमितों की मौत हुई। यहां अब तक 6.65 लाख लोग इस महामारी की चपेट में आ चुके हैं, 6.43 लाख ठीक हुए हैं और 11,036 ने जान गंवाई है। अभी 10,498 का इलाज चल रहा है।

4. मध्यप्रदेश: एक्टिव केस 18 हजार के पार

यहां गुरुवार को 2,546 नए मरीज मिले। 1,573 लोग ठीक हुए, जबकि 12 की मौत हुई। राज्य में अब तक 2.98 लाख लोग इस महामारी की चपेट में आ चुके हैं। इनमें से 2.76 लाख ठीक हुए हैं, जबकि 3,998 की मौत हुई है। फिलहाल 18,057 लोगों का इलाज चल रहा है।

5. गुजरात: एक्टिव केस का आंकड़ा 13,000 के करीब

यहां गुरुवार को 2,410 नए कोरोना मरीज मिले। 2,015 मरीज ठीक हुए, जबकि 9 की मौत हुई। राज्य में अब तक 3.08 लाख लोग इस महामारी की चपेट में आ चुके हैं। इनमें से 2.92 लाख ठीक हुए हैं, जबकि 4,528 मरीजों की मौत हुई है और फिलहाल 12,996 लोगों का इलाज चल रहा है।

6. राजस्थान: एक्टिव केस का आंकड़ा 9,000 के पार

यहां गुरुवार को 1,350 संक्रमितों की पहचान हुई। 446 मरीज ठीक हुए और 4 लोगों की मौत हुई। राज्य में अब तक 3.34 लाख मरीज इस महामारी की चपेट में आ चुके हैं। इनमें से 3.22 लाख ठीक हो चुके हैं, जबकि 2,822 ने जान गंवाई है। फिलहाल 9,563 मरीजों का इलाज चल रहा है।

करीब सात करोड़ कोरोना टीका लगे

देश में 16 जनवरी को कोरोना का टीका लगाए जाने की अभियान की शुरुआत हुई थी। 1 अप्रैल तक देशभर में 6 करोड़ 87 लाख 89 हजार 138 कोरोना डोज दिए जा चुके हैं। बीते दिन 36 लाख 71 हजार 242 टीके लगे। वैक्सीन की दूसरी खुराक देने का अभियान 13 फरवरी से शुरू हुआ था। 1 अप्रैल से 45 साल से ऊपर से सभी लोगों को टीका लगाया जा रहा है।

देश में कोरोना से मृत्यु दर 1.33 फीसदी है जबकि रिकवरी रेट करीब 94 फीसदी है। एक्टिव केस बढ़कर 4.78 फीसदी हो गया है। कोरोना एक्टिव केस मामले में दुनिया में भारत का 5वां स्थान है।

इन राज्यों में कोरोना से अब नहीं हो रही कोई मौत

कोरोना से सबसे ज्यादा मौत महाराष्ट्र में हुई है। लेकिन देश के कुछ राज्य ऐसे भी हैं, जहां कोरोना से अब एक भी संक्रमित शख्स की मौत नहीं हो रही है। ये जानकारी स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से जारी ताजा आंकड़ों से मिली है। ये कुछ राज्य हैं- अंडमान व निकोबार, अरुणाचल प्रदेश, असम, बिहार, दादरा नगर हवेली, लद्दाख, लक्षद्वीप, मिजोरम, नागालैंड, सिक्किम, त्रिपुरा आदि।

कोरोना संक्रमितों की संख्या के हिसाब से भारत दुनिया का तीसरा सबसे प्रभावित देश है। रिकवरी दुनिया में अमेरिका के बाद सबसे ज्यादा भारत में हुई है। मौत के मामले में अमेरिका, ब्राजील और मैक्सिको के बाद भारत का नंबर है।