नई लहर के साथ कोरोना रिटर्न्स ! 24 घंटों में चौंकाने वाले आंकड़े, जानिए ताजा अपडेट?

ख़बरें अभी तक || देश में कोरोना महामारी ने एक बार फिर अपना पैर पसारना शुरु कर दिया है। जिसके बाद  नए मरीजों का आंकड़ा भी लगातार बढ़ रहा है। बुधवार को कोरोना के 35,871 लोग पॉजिटिव पाए गए। वहीं 17,741लोगों ने इस महामारी को मात भी दी है। पिछले 24 घंटों में 172 की मौत हो गई है। इसके साथ ही इलाज करा रहे एक्टिव केस का आंकड़ा 2 लाख 49 हजार 197 हो गया है। बीते 24 घंटे में एक्टिव केस में 17,862 की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। नए संक्रमितों का आंकड़ा 5 दिसंबर के बाद, यानी लगभग 101 दिन में सबसे ज्यादा है। आपको बता दें 5 दिसंबर को 36,011केस आए थे। इसके बाद इनमें गिरावट आती गई।

आपको बता दें, देश में अब तक कुल 1 करोड़ 14 लाख 74 हजार 302 लोग इस महामारी की चपेट में आ चुके हैं। 1 करोड़ 10 लाख 61 हजार 170 ठीक हुए हैं, जबकि 1 लाख 59 हजार 250 लोगों की मौत भी हुई है। ये आंकड़े covid19india.org से लिए गए हैं।

महाराष्ट्र में कोरोना का तांडव  

महाराष्ट्र में हर दिन सबसे ज्यादा कोरोना मामले सामने आ रहे हैं। बुधवार को यहां संक्रमण के 23,179 नए मामले दर्ज किए गए जो कि इस साल सबसे ज्यादा हैं। इसके साथ ही महामारी से 84 और मरीजों की मौत हो गई। राज्य में संक्रमण के कुल मामले बढ़कर 23,70,507 हो गए हैं और मृतकों की संख्या 53,080 पर पहुंच गई है। अब तक कोविड-19 के 21,63,391 मरीज ठीक हो चुके हैं और अभी 1,52,760 मरीज उपचाराधीन हैं।

करीब चार करोड़ कोरोना टीका लगे

देश में 16 जनवरी को कोरोना का टीका लगाए जाने की अभियान की शुरुआत हुई थी। 17 मार्च तक देशभर में 3 करोड़ 71 लाख 43 हजार 255 कोविड-19 का टीका दिया जा चुका है। बीते दिन 20 लाख 78 हजार 719 लोगों को टीका लगा। वैक्सीन की दूसरी खुराक देने का अभियान 13 फरवरी से शुरू हुआ था।

देश में कोरोना से मृत्यु दर 1.39 फीसदी है जबकि रिकवरी रेट करीब 97 फीसदी है। एक्टिव केस बढ़कर 2.05 फीसदी है। कोरोना एक्टिव केस मामले में दुनिया में भारत का 11वां स्थान है।

कुछ राज्यों में कोरोना से एक भी मौत नहीं

कोरोना से सबसे ज्यादा मौत महाराष्ट्र में हुई है। लेकिन देश के कुछ राज्य ऐसे भी हैं, जहां कोरोना से एक भी संक्रमित शख्स की मौत नहीं हुई है। ये जानकारी स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से जारी ताजा आंकड़ों से मिली है। ये कुछ राज्य हैं- अंडमान व निकोबार, आंध्र प्रदेश, अरुणाचल प्रदेश, असम, दादरा नगर हवेली, लद्दाख, लक्षद्वीप, मिजोरम, नागालैंड, सिक्किम, त्रिपुरा आदि।

कोरोना संक्रमितों की संख्या के हिसाब से भारत दुनिया का तीसरा सबसे प्रभावित देश है। रिकवरी दुनिया में अमेरिका के बाद सबसे ज्यादा भारत में हुई है। मौत के मामले में अमेरिका, ब्राजील और मैक्सिको के बाद भारत का नंबर है।