Covid-19 Updates: देश में बेकाबू हुआ कोरोना ! पीएम मोदी मुख्यमंत्रियों के साथ करेंगे मंथन, जानिए आंकड़े?

ख़बरें अभी तक || भारत में  कोरोना वायरस एक बार बेकाबू होता दिख रहा है। देश में बीते तीन महीने बाद एक दिन में 28 हजार से ज्यादा कोरोना केस दर्ज किए गए हैं, जो कि साल 2021 में एक दिन में सबसे ज्यादा संख्या है। वहीं कोरोना के बढ़ते मामलों ने एक बार फिर केंद्र सरकार की टेंशन भी बढ़ा दी है। जिसके बाद आगे की रणनीति के लिए पीएम मोदी ने सभी राज्यों के मुख्यमंत्रियों की बैठक बुलाई है। पीएम मोदी वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए मुख्यमंत्रियों के साथ बातचीत करेंगे। इससे पहले भी कोराना महामारी के बीच प्रधानमंत्री इस तरह से मुख्यमंत्रियों के साथ बातचीत करते रहे हैं।

वहीं स्वास्थ्य मंत्रालय की ताजा रिपोर्ट के अनुसार, पिछले 24 घंटों में 28,903 नए कोरोना केस मिले और 188 लोगों की जान चली गई है। हालांकि 17,741 लोग कोरोना से ठीक भी हुए हैं। इससे पहले 12 दिसंबर 2020 को 30,254 कोरोना केस दर्ज किए गए थे।

जानकारी के मुताबिक वर्चुअल मोड में होने वाली यह बैठक दोपहर 12.30 बजे शुरू होगी। इस दौरान पीएम मोदी स्थिति का जायजा लेंगे और दो महीने पहले शुरू हुए देश के टीकाकरण अभियान की प्रगति का आकलन करेंगे। देश में कोरोना वायरस के खिलाफ 16 जनवरी को टीकाकरण अभियान शुरू हुआ था।

देश के कुछ राज्यों में कोरोना वायरस के मामलों में लगातार बढ़ोत्तरी हो रही है। महाराष्ट्र, पंजाब, कर्नाटक, गुजरात और तमिलनाडु में बढ़ते संक्रमण ने एक बार फिर चिंता बढ़ा दी है। इसके मद्देनजर महाराष्ट्र, गुजरात और मध्य प्रदेश के कई शहरों में नाइट कर्फ्यू लगाया गया है। महाराष्ट्र सरकार ने संक्रमण को देखते हुए पुणे, नागपुर और औरंगाबाद ने नाइट कर्फ्यू लगाया गया है। गुजरात सरकार ने भी अहमदाबाद, वडोदरा, सूरत और राजकोट में नाइट कर्फ्यू की घोषणा की है। वहीं, मध्य प्रदेश की शिवराज सरकार ने भोपाल और इंदौर शहर में नाइट कर्फ्यू लागू किया है।

ताजा आंकड़ों के अनुसार, अब देश में कोरोना के कुल मामले बढ़कर एक करोड़ 14 लाख 38 हजार 734 हो गए हैं। कुल 1 लाख 59 हजार 44 लोगों की जान जा चुकी है। 1 करोड़ 10 लाख 45 हजार 284 लोग कोरोना को मात देकर ठीक भी हो चुके हैं। देश में अब एक्टिव केस की संख्या बढ़कर 2 लाख 34 हजार 406 हो गई है यानी कि इतने लोग अभी कोरोना संक्रमित हैं।

कोरोना संक्रमितों की संख्या के हिसाब से भारत दुनिया का तीसरा सबसे प्रभावित देश है। रिकवरी की बात करें तो दुनिया में अमेरिका के बाद सबसे ज्यादा भारत में हुई है। मौत के मामले में अमेरिका, ब्राजील और मैक्सिको के बाद भारत का नंबर है