पांच महीने के बाद छेड़छाड़ का आरोपी गिरफ्तार, जानें क्या है मामला ?

ख़बरें अभी तक || पलवल में एक महिला के साथ छेड़छाड़ के मामले में फरार चल रहे आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पांच महीने से फरार चल रहे इस आरोपी पर घर में घुसकर महिला के साथ छेड़छाड़ करने का आरोप है। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।

वहीं इस मामले में जानकारी देते हुए पलवल के मुंडकटी थाना प्रभारी एसआई प्रीतम सिंह ने बताया कि उन्हें मुखबिर द्वारा सूचना मिली थी कि महिला के साथ छेड़छाड़ करने वाला आरोपी गांव में मौजूद है जो कि कहीं बाहर जाने की फिराक में है। सूचना मिलते ही टीम गठित कर मौके पर दबिश दी गई और आरोपी को काबू कर लिया गया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम रविंद्र उर्फ राकू निवासी गांव मानपुर बताया।

आरोपी रविंद्र ने बीते 4 अक्टूबर 2020 को एक महिला के घर में घुसकर छेड़छाड़ की थी। जिसके बाद इस संबंध में पीड़ित महिला की शिकायत पर 10 अक्टूबर 2020 को आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था। लेकिन आरोपी तभी से फरार चल रहा था। फिलहाल पांच महीने बाद अब आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी को बुधवार को अदालत में पेश किया गया जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया और पुलिस ने आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।