कृषि कानूनों के खिलाफ प्राइवेट मेंबर बिल लाएगी हरियाणा कांग्रेस – भूपेंद्र हुड्डा

ख़बरें अभी तक || कृषि कानूनों को लेकर लगातार किसानों का प्रदर्शन जारी है। किसान नए कृषि कानून का विरोध कर रहे है। इसी बीच अब हरियाणा कांग्रेस किसान कानून के खिलाफ प्राइवेट मेंबर बिल लेकर आएगी। पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि 5 नवंबर को हरियाणा विधानसभा सत्र के दौरान उनकी पार्टी नए किसान कानून के खिलाफ प्राइवेट मेंबर बिल लेकर आएगी।

बता दें कि 5 नवंबर को हरियाणा विधानसभा का सत्र होने वाला है। इसी बीच कृषि कानून को लेकर कांग्रेस ने प्रदेश की जेजेपी-भाजपा सरकार को विधानसभा में घेरने की तैयारी कर ली है। विधानसभा में कांग्रेस पार्टी इस कानून के खिलाफ प्राइवेट मेंबर बिल लेकर आएगी। यह घोषणा रोहतक पहुंचे पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने की। वहीं उन्होंने कहा कि प्रदेश में बहुत से ऐसे मुद्दे हैं। जिनको इस बार विधानसभा सत्र में उठाया जाएगा। जिसमें सबसे बड़ा मुद्दा बेरोजगारी,  भ्रष्टाचार व घोटालों का रहेगा।

इस दौरान भूपेंद्र हुड्डा ने रोहतक बार एसोसिएशन में वकीलों से भी मुलाकात की और उन्होंने बरोदा उपचुनाव में वकीलों द्वारा कांग्रेस पार्टी की मदद करने की अपील की। उन्होंने कहा कि यह उनका परिवार है और वह रोहतक बार एसोसिएशन के सदस्य भी हैं। साथ ही उन्होंने बरोदा उपचुनाव में कांग्रेस की जीत का दावा करते हुए कहा कि कांग्रेस की 10 साल की सत्ता के दौरान बरोदा विधानसभा का खूब विकास हुआ। लेकिन पिछले 6 साल में बरोदा में मौजूदा सरकार ने कोई भी विकास कार्य नहीं करवाए हैं।