हरियाणा में फिर बदलेगा मौसम का मिजाज, मौसम विभाग ने जारी किया बुलेटिन

ख़बरें अभी तक || हरियाणा में एक बार फिर मौसम करवट ले सकता है। चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के मौसम विभाग ने उम्मीद जताई है कि 2 सिंतबर से 5 सिंतबर तक प्रदेश के कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश होने की आशंका है। ऐसे में किसानों को सलाह दी गई है कि मौसम को ध्यान में रखते हुए फसलों में कीटनाशक का छिड़काव करें और फसलों में सिंचाई करें।

बता दें कि प्रदेश में इस बार मानसून की असामान्य बारिश देखने को मिली है। जिसके कारण किसानों को काफी निराशा हुई। एचएयू के मौसम विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. मदनलाल खीचड़ ने बताया कि बीते 26 जून को हरियाणा में मानसून ने दस्तक दी थी। लेकिन इस बार मानसून की उम्मीद से कम बारिश हुई है। हरियाणा के पश्चिमी क्षेत्र में कम बारिश होने से 11 जिलों की फसलों को काफी नुकसान हुआ है।

वही असामान्य बारिश के कारण हिसार, जींद, महेंद्रगढ़, भिवानी, फतेहाबाद में कपास की फसलों में सफेद मकखी का प्रकोप बढ़ा है। वहीं किसानों को सलाह देते हुए मौसम विभागाध्यक्ष डॉ. मदनलाल खीचड़ ने बताया कि आने वाले 4-5 दिनों तक प्रदेश के विभिन्न जिलों में हल्की बारिश की उम्मीद है। ऐसे में किसान फसलों में कीटनाशक का छिड़काव करते समय मौसम का ध्यान रखें। वही सब्जियों व धान में सिंचाई करें।