सेना भर्ती के आखिरी दिन बरपा हंगामा, भर्ती में प्रवेश न मिलने पर युवाओं ने किया चक्का जाम

ख़बरें अभी तक। ऊना के इंदिरा मैदान में चल रही सेना भर्ती प्रक्रिया के शारीरिक परीक्षण के आखिरी दिन भर्ती होने आये युवाओं ने जमकर हंगामा किया। भर्ती प्रक्रिया में प्रवेश न मिलने से गुस्साए युवाओं ने चंडीगढ़-धर्मशाला हाइवे पर जाम लगा दिया जिससे सफर कर रहे यात्रियों को काफी दिक्कत हुई। लेकिन प्रशासनिक अधिकारीयों द्वारा दखल देने के बाद मामला शांत हुआ और युवाओं को भर्ती के लिए प्रवेश दिया गया।

सोशल मीडिया पर सेना भर्ती में धांधली का वीडियो हुआ वायरल

वहीं भर्ती के दौरान दौड़ में धांधली का एक वीडियो भी सोशल मीडिया में जमकर वायरल हो रहा है। वहीं सेना अधिकारियों ने वीडियो मामले की जांच का दावा किया है। ऊना के इंदिरा स्टेडियम में 9 जनवरी से शुरू हुई सेना भर्ती के पांचवें दिन भर्ती के लिये पहुंचे युवाओं ने भर्ती प्रक्रिया में एंट्री नहीं मिलने पर जमकर हंगामा किया, वहीं जेसीओ पद के लिए भर्ती होने पहुंचे हरियाणा राज्य के युवाओं ने दौड़ के लिए उन्हें कम समय देने का आरोप लगाया।

हिमाचल, हरियाणा के युवाओं ने चंडीगढ़-धर्मशाला हाइवे पर लगाया जाम

जिसके बाद प्रवेश न मिलने से हिमाचल के युवाओं और कम समय मिलने के कारण हरियाणा के युवाओं ने चंडीगढ़-धर्मशाला हाइवे पर जाम लगा दिया जिसे खुलवाने में पुलिस कर्मियों को खासी मशक़्क़त करनी पड़ी लेकिन जाम नहीं खुला। मामले की सूचना मिलते ही एडीसी चौधरी और एएसपी विनोद धीमान मौके पर पहुंचे और युवाओं से बातचीत के बाद सेना के अधिकारियों से वार्ता की।

भर्ती प्रक्रिया में प्रवेश का समय सुबह तीन बजे

प्रशासनिक अधिकारियों के दखल के बाद सेना अधिकारियों ने आज के लिए बुलाये गए युवाओं को प्रवेश देने की बात मान ली जिसके बाद मामला शांत हो पाया। भर्ती के लिए पहुंचे युवाओं ने कहा कि पहले चार दिन भर्ती के लिए 9 बजे तक प्रवेश किया गया लेकिन आज 5 बजे ही प्रवेश बंद कर दिया गया जिस कारण उन्हें मजबूरी में प्रदर्शन करना पड़ा। वहीं भर्ती कार्यालय हमीरपुर के निदेशक कर्नल सतीश कुमार ने बताया कि भर्ती प्रक्रिया में प्रवेश का समय सुबह तीन बजे तक है लेकिन उन्होंने 5 बजे के बाद प्रवेश बंद किया।

सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो को जमकर किया जा रहा शेयर

उन्होंने कहा कि कुछ युवा पहले ही रिजेक्ट हो चुके है जो आज दोबारा भर्ती देखने पहुंचे है और जब उन्हें प्रवेश नहीं दिया गया तो उन्होंने हंगामा किया। वहीं सेना भर्ती को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। सोशल मीडिया पर भर्ती से संबंधित एक वीडियो भी वायरल हो रहा है। जिसमें दो युवा पहले चल रही दौड़ के दौरान आखिरी चक्कर में एंट्री करते हुए दिखाई दे रहे हैं। सोशल मीडिया पर वायरल इस वीडियो को जमकर शेयर किया जा रहा है।

वायरल वीडियो की हो रही जांच, खंगाले जाएंगे सीसीटीवी कैमरे

युवाओं का कहना है कि भर्ती प्रक्रिया में धांधली हो रही है। वहीं वीडियो वायरल पर सेना अधिकारी का कहना है भर्ती प्रक्रिया पूरी तरह से पारदर्शिता के साथ चल रही है। उन्होंने कहा कि उनके पास भी एक वीडियो पहुंचा है जिसकी जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि भर्ती स्थल पर लगे सीसीटीवी फुटेज को खंगाला जायेगा।