सिरसा में रोडवेज की राष्ट्रव्यापी हड़ताल का दिखा व्यापक असर, लोगों को झेलनी पड़ी दिक्कतें

ख़बरें अभी तक। सिरसा में जनसंगठनों की राष्ट्रव्यापी हड़ताल का व्यापक असर देखने को मिला। रोडवेज चक्का जाम से आम जनता को खासी दिक्कतें झेलनी पड़ी। रोडवेज बसें चलाने को लेकर रोडवेज प्रशासन द्वारा किये गए दावे फेल साबित हुए। बेबस जनता परेशान हुई औऱ यात्रियों को बस स्टैंड पर आकर बैरंग लौटना पड़ा। रात सवा दो बजे चंडीगढ़ जाने वाली बस भी नहीं चल पाई। जिसके चलते सवारियों को ठंड और बरसात में परेशान होना पड़ा।

सिरसा में बसें रोडवेज बेड़े में ही खड़ी रही। कर्मचारियों ने बस अड्डा के समक्ष सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। सिरसा रोडवेज प्रशासन हड़ताली कर्मचारियों के आगे घुटने टेकता नज़र आया। हड़ताली कर्मचारियों ने बस अड्डा परिसर के गेट पर बसों को रोक सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। वहीं बस में बैठे यात्री बस चलने का इंतजार करते नजर आये। रोडवेज महाप्रबंधक खूबी राम कौशल ने दावा किया कि सिरसा से पहली बस रात्रि सेवा सवा दो बजे चंडीगढ़ की ओर रवाना की जा रही है।

लेकिन हड़ताली कर्मचारियों के आगे वो भी बेबस नजर आये। हड़ताली कर्मचारियों ने कहा कि उनका विरोध शांतिपूर्ण चल रहा है। सरकार ने कर्मचारियों की मांगों पर कोई सहानुभूति नहीं दिखाई। वहीं चंडीगढ़ जाने वाले यात्री बस में कम नजर आये लेकिन वो भी परेशानी में दिखे। यात्रियों ने कहा कि उन्हें जरुरी काम से जाना था। लेकिन हड़ताल की वजह से वो नहीं जा पाए।