बी.एस.एन.एल. की मोबाइल व इंटरनेट सेवाओं से उपभोक्ता परेशान

ख़बरें अभी तक। चंबा: बी.एस.एन.एल. की मोबाइल व इंटरनेट सेवाओं से चंबा जिला के उपभोक्ता इन दिनों काफी दुखी हैं तथा विभाग को कोसते नजर आते हैं। कई बार नंबर मिलाने के बावजूद फोन तो मिल जाता है, लेकिन बीच में बात करते-करते कट जाता है। वहीं इंटरनेट सेवाएं भी अधिकतर समय बंद रहती हैं। जिस कारण सरकारी कायार्लयों सहित निजी संस्थानों में भी कर्मचारियों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

लोगों का कहना है कि कई बार विभाग से इस समस्या से समाधान दिलाने की मांग कर चुके हैं। लेकिन उनकी कोई सुनवाई नहीं हो रही जिस कारण वह मजबूरन बी.एस.एन.एल. के कनैक्शन कटवार किसी अन्य निजी कंपनी के सिम लेने का विचार कर रहे हैं। बी.एस.एन.एल. उपभोक्ताओं के अनुसार अधिकतर समय बी.एस.एन.एल. का सिग्नल गायब रहता है तथा बिना बात किए उनके मोबाइल से पैसे कट जाते हैं।

इस कारण काफी दिक्कतें हो रही हैं। उनका कहना है कि इंटरनेट सेवाएं भी इसी तरह प्रभावित रहती हैं तथा काम काफी बाधित होता है। उपभोक्ताओं ने बी.एस.एन.एल. विभाग के उच्चाधिकारियों से मांग की है कि जल्द इस समस्या का समाधान किया जाए अन्यथा वे बी.एस.एन.एल. की सेवाएं छोड़कर अन्य निजी कंपनियों की सेवाएं लेने को बाध्य होंगे।