हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर का बड़ा बयान

खबरें अभी तक। हरियाणा की अनाज मंडियों के बाद शुगर मिलों में भी किसानों को 10 प्रति थाली के हिसाब से खाना मिलेगा। यह ऐलान प्रदेश के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने आज सुबह रोहतक में किया। वे कैनाल रेस्ट हाउस में कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर रहे थे। साथ ही उन्होंने नववर्ष पर प्रदेश की जनता को बधाई देते हुए कहा कि यह नया साल प्रदेश की जनता के साथ साथ प्रदेश को विकास के पथ पर आगे लेकर जाएगा।

हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर प्रदेश की अनाज मंडियों में आज से 10 प्रति थाली खाना देने की योजना का शुभारंभ करनाल से करने जा रहे हैं। इससे पहले आज वे रोहतक के कैनाल रेस्ट हाउस में कार्यकर्ताओं से बातचीत कर रहे थे। जहां उन्होंने एलान किया कि अनाज मंडियों के बाद शुगर मिलों में भी इस योजना की शुरुआत जल्द ही कर दी जाएगी। उन्होंने कहा कि अनाज मंडियों में फसल बेचने के दौरान किसानों को खाना खाने के लिए बहुत दूर जाना पड़ता है, इसलिए इस योजना की शुरुआत कर रहे हैं। वहीं, उन्होंने कहा किसानों और मजदूरों के लिए पहले से भी बहुत सी योजनाएं चलाई जा रही है।

सीएम खट्टर ने नव वर्ष की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह नया साल जहां जनता के लिए खुशहाली लेकर आएगा, वहीं इस नव वर्ष में प्रदेश भी प्रगति के पथ पर आगे बढ़ेगा।