सूर्य ग्रहण के दौरान पौराणिक शहर कुरुक्षेत्र में लाखों की संख्या में श्रद्धालु स्नान करने पहुंचे

ख़बरें अभी तक। कुरुक्षेत्र: साल 2019 का आखिरी सूर्य ग्रहण गुरुवार सुबह 8:17 से शुरु हो चुका है। वहीं इस बार सबसे खास बात ये है कि यह ग्रहण भारत में देखा जा रहा है। इस अवसर पर हरियाणा के पौराणिक शहर कुरुक्षेत्र में लाखों की संख्या में श्रद्धालु स्नान करने पहुंचे। कुरुक्षेत्र के सन्निहित सरोवर का पौराणिक महत्व है, तभी ग्रहण के दौरान यहीं स्नान करने का महत्व है।

कहा जाता है कि इस कुंड में डुबकी लगाने से उतना ही पुण्‍य प्राप्‍त होता है, जितना पुण्‍य अश्‍वमेघ यज्ञ को करने के बाद मिलता है। यह कुंड, 1800 फीट लम्‍बा और 1400 फीट चौड़ा है। शास्त्रों के अनुसार, सूर्यग्रहण के समय सभी देवता यहां कुरुक्षेत्र में मौजूद होते हैं। ऐसी मान्यता है कि सूर्यग्रहण के अवसर पर ब्रह्मा सरोवर और सन्निहित सरोवर में स्नान करने से मोक्ष की प्राप्ति होती है।

बताया जाता है कि द्वापर युग में ग्रहण के दौरान भगवान श्रीकृष्ण भी कुरुक्षेत्र में आए थे। भारत के कई प्रदेशों अंग, मगद, वत्स, पांचाल, काशी, कौशल के कई राजा-महाराजा बड़ी संख्या में स्नान करने कुरुक्षेत्र आए थे। द्वारका के दुर्ग को अनिरुद्ध व कृतवर्मा को सौंपकर भगवान श्रीकृष्ण, अक्रूर, वासुदेव, उग्रसेन, गद, प्रद्युम्न, सामव आदि यदुवंशी व उनकी स्त्रियां भी कुरुक्षेत्र स्नान के लिए आई थीं। तभी बृजभूमि से गोपियां भी स्नान करने पहुंची थी। इस स्नान के दौरान ही उनकी भगवान श्रीकृष्ण से भेंट हुई थी। तब भगवान श्रीकृष्ण उन्हें रथ में बैठाकर कुछ चलाते हुए मथुरा गए थे।